
परिवहन निगम में वरिष्ठ चालकों को पहली बार मिलेगा लॉयल्टी इंसेंटिव
Bijnor News - उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने संविदा चालकों और परिचालकों के लिए नया 'लॉयल्टी इंसेंटिव' लागू किया है। 20 वर्ष की सेवा पर 1500 रुपये और 10 वर्ष की सेवा पर 750 रुपये की अतिरिक्त राशि दी जाएगी। यह कदम कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए उठाया गया है।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने संविदा चालकों/परिचालकों को नये साल पर बड़ा तोहफा दिया है। लंबे समय से पारिश्रमिक बढ़ोतरी और प्रोत्साहन योजना में सुधार की मांग कर रहे कर्मचारियों के लिए निगम ने पहली बार ‘लॉयल्टी इंसेंटिव’ लागू करने का फैसला किया है। नए आदेश के मुताबिक, वरिष्ठ चालकों को उनकी सेवा अवधि के आधार पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उ.प्र. राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभू एन सिंह ने सभी एआरएम को भेजे पत्र में कहा है कि नए प्रावधानों के तहत 20 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके चालक को हर माह 1500 रुपये और 10 वर्ष की सेवा वाले चालक को 750 रुपये का लॉयल्टी इंसेंटिव मिलेगा।
इसके साथ ही निगम ने किलोमीटर आधारित भुगतान की दरों में भी बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई भुगतान दरें एक जनवरी 2026 से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएँगी। परिवहन निगम के मुताबिक, योजना का उद्देश्य अनुभवी चालकों को प्रोत्साहित करना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। संविदा कर्मियों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते कार्यभार और महंगाई के बीच यह बढ़ोतरी राहत देने वाली है। संविदा चालक अनिल कुमार, सुरेन्द्र सिंह व शहाबुददीन ने बताया कि हम कई सालों से उम्मीद कर रहे थे कि अनुभव के आधार पर कुछ अतिरिक्त लाभ मिले। पहली बार ऐसा कदम उठाया गया है, इसलिए हम खुश हैं। दूसरी ओर, परिचालक संगठनों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सकारात्मक पहल बताया। नए आदेश के लागू होने के बाद प्रदेशभर के संविदा चालकों एवं परिचालकों को अगले महीने से बढ़ी हुई राशि का फायदा मिलना शुरू हो जाएगा। वर्जन... संविदा चालकों एवं परिचालकों को जनवरी से बढ़ी हुई राशि का फायदा मिलना शुरू हो जाएगा। नई प्रोत्साहन व्यवस्था से कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा और और इससे उनका अच्छा काम करने के लिए प्रेरणा मिलेगी। - अशोक कुमार, एआरएम बिजनौर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




