Bijnor News: फांसी के फंदे पर लटका मिला छात्र का शव, कोहराम
Bijnor News: ग्राम ककराला में कक्षा आठ के छात्र मोहित सैनी का शव घर में फांसी पर लटका मिला। परिजनों ने सहपाठी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। मोहित की मां ने स्कूल की शिकायत की थी, जिसके बाद घटना हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

Bijnor News: थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम ककराला में मंगलवार शाम कक्षा आठ के एक छात्र का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने छात्र के साथी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। हंगामे के चलते परिजनों ने कुछ समय तक शव नहीं उठने दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाकर शांत कराया। क्षेत्र के ग्राम ककराला निवासी मोहित सैनी (13 वर्ष) पुत्र मानसिंह सैनी जनता इंटर कॉलेज महुआ में कक्षा आठ का छात्र था। परिजनों के अनुसार मंगलवार को स्कूल में मोहित का गांव के ही रहने वाले सहपाठी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि स्कूल से लौटते समय रास्ते में भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान छात्र की मां द्वारा मोहित के घर पहुंचकर शिकायत करने की बात भी सामने आई है.
परिजनों ने साथी पर लगाया आरोप
बताया गया कि बच्चे की मां के शिकायत करने के बाद मोहित के परिजन जंगल चले गए थे। कुछ समय बाद जब वे घर लौटे तो मोहित कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर सीओ नगीना राजेश कुमार और थाना प्रभारी कोतवाली देहात सुनील सहरावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
कोट...
परिजनों ने मोहित के साथी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने आरोपों की जांच कर कार्रवाई होने तक शव उठाने से भी इनकार किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया.
मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। - राजेश सोलंकी, सीओ नगीना

