Bijnor News: आतिशबाजी के कचरे में विस्फोट, दो भाई गंभीर झुलसे
Bijnor News: बिजनौर के वाजिदपुर गांव में रविवार को आतिशबाजी के कचरे में विस्फोट से दो किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के समय दोनों किशोर जंगल जा रहे थे। विस्फोट की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े और दोनों को अस्पताल ले गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और जांच शुरू कर दी है।
Bijnor News: बिजनौर के शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव वाजिदपुर में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। आतिशबाजी के कचरे में विस्फोट होने से दो किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। जहां हादसा हुआ उस जगह से करीब 400 मीटर की दूरी पर बंद पटाखा फैक्ट्री है। दोनों किशोरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। धमाका इतना जबरदस्त था कि उसकी गूंज काफी दूर तक सुनाई दी और इलाके में दहशत फैल गई। रविवार शाम गांव वाजिदपुर निवासी चंद्रवीर सिंह के दो पुत्र 15 साल का रोहन और 17 वर्षीय रोहित घास लेने के लिए साइकिल से जंगल की ओर जा रहे थे।
जब वह ईंट भट्ठे के पास पहुंचे तो अचानक विस्फोट हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और दोनों भाइयों को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्फोट से लगी आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही एसडीएम धामपुर नितिन कुमार, सीओ धामपुर अंजनी चतुर्वेदी, थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
सीओ धामपुर अंजनी चतुर्वेदी ने बताया कि विस्फोटक पदार्थों के अवशेष में धमाका होने से दो किशोर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें हायर सेंटर भेजा गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही धमाके की वजह और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।

