तालाब में डूबने से ढाई साल की मासूम बच्ची की मौत
चांदपुर के गांव ककराला में एक ढाई वर्ष की बच्ची आशी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बच्ची अपने ताऊ के पीछे बाहर निकली थी और चार घंटे बाद उसका शव तालाब में मिला। परिजन पुलिस कार्रवाई से इनकार करते हुए बिना पोस्टमार्टम शव घर ले गए। तालाब की टूटी बाउंड्री को मौत का कारण बताया जा रहा है।
चांदपुर के गांव ककराला में शनिवार सुबह ढाई वर्ष की मासूम बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूचना पर पहुंची, लेकिन परिजन पुलिस कार्रवाई से इनकार करते हुए बच्ची का शव घर ले गए। बताया जाता है कि बाजार जाते समय बच्ची अपने ताऊ के पीछे पीछे घर से बाहर निकल गई थी, जिसकी किसी को भनक नहीं लगी। करीब चार घंटे बाद बच्ची का शव घर के पास तालाब में मिला। चांदपुर थानाक्षेत्र के गांव ककराला निवासी नीरज सैनी की पत्नी सोनम ने बताया कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे उसके जेठ सोमपाल सिंह घर से बाजार जाने के लिए निकले।
इसी दौरान उनकी ढाई वर्षीय बेटी आशी भी ताऊ के पीछे घर से निकल गई, जिसकी किसी को भनक नहीं लगी। काफी देर तक जब आशी घर में नहीं दिखी तो उसकी तलाश शुरू हुई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ लोगों ने तालाब में भी तलाश करने की बात कही, लेकिन कुछ नहीं दिखा। इसी बीच किसी ने तालाब में उतर रहे नाले का पट हटाया तो वहां आशी शव मिला। परिजन तुरंत पुलिस की गाड़ी में ही बच्ची को लेकर सीएचसी स्याऊ पहुंचे, जहां डाक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुट गई, लेकिन परिजनों इनकार करते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया बच्ची की मौत तालाब में डूबने से हुई है। परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही बच्ची के शव को अपने घर ले गए, कोई कार्रवाई नहीं की है। तालाब की टूटी बाउंड्री बनी मौत का कारण बच्ची के पिता की मानें तो गांव स्थित तालाब का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर जमा रहता है, जिससे तालाब की बाउंड्री का कुछ हिस्सा टूट गया है। माना जा रहा है कि बच्ची रास्ते में इसी बाउंड्री से तालाब में गिर गई और पानी के बहाव से नाले में पहुंच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि वे इसकी शिकायत कई बार कर चुके हैं लेकिन गांव का ग्राम प्रधान न ही प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले में गंभीरता दिखाई, जिससे यह तालाब एक बच्ची की मौत का कारण बन गया। परिजनों ने सोचा, बच्ची को ले गया गुलदार परिजनों के मुताबिक बताया गया कि काफी देर तक बच्ची नहीं मिली तो उन्होंने सोचा बच्ची को शायद गुलदार उठा कर ले गया। परिजनों को यह नहीं पता था कि घर के पास में ही तालाब में उनकी बच्ची मिलेगी। नीरज की पत्नी सोनम ने बताया कि दोनों बहनों में आशी बड़ी बहन था, छोटी बेटी अभी 9 माह की है। नीरज गुरुग्राम में मजदूरी करता है।

