
बिजनौर: युवक की मौत मामले में एनएचएआई और कार्यदायी संस्था पर एफआईआर
Bijnor News - बिजनौर के महेश्वरी जट में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर एक युवक की दुर्घटना में मौत हो गई। युवक, नकुल कुमार, बिना संकेतक और चेतावनी बोर्ड के ओवरब्रिज पर चढ़ गया और रोड रोलर से टकरा गया। उसके पिता ने एनएचएआई और एमसीपीएल के खिलाफ पुलिस में शिकायत की, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
बिजनौर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महेश्वरी जट में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर हुए हादसे में घायल युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। युवक के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एनएचएआई तथा कार्यदायी संस्था एमसीपीएल के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के ग्राम जोदूवाला निवासी 30 वर्षीय नकुल कुमार 30 नवंबर को शाम करीब 7:30 बजे नगीना से बिजनौर की तरफ बाइक से आ रहा था। महेश्वरी जट में बन रहे ओवरब्रिज पर कोई संकेतक, चेतावनी बोर्ड या बैरियर नहीं लगा हुआ था। अंधेरे में युवक अनजाने में ओवरब्रिज पर चढ़ गया और वहां खड़े रोड रोलर से टकरा गया।
हादसे में नकुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे मेरठ स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां एक दिसंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता हरपाल सिंह ने थाने में दी गई तहरीर में एनएचएआई और कार्यदायी संस्था एमसीपीएल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। कहा कि यदि निर्माण स्थल पर उचित संकेतक, लाइट और बैरियर लगे होते तो यह हादसा नहीं होता। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एनएचएआई और एमसीपीएल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एसओ प्रवेज तोमर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




