पहिए में दुपट्टा फंसने से बाइक सवार विवाहिता की मौत
Bijnor News - बिजनौर के धामपुर में होली मनाने जा रहे सीआरपीएफ जवान की पत्नी सोनिका का दुपट्टा बाइक के पहिये में फंस गया। इससे वह और उसके दो बच्चे गिर गए और घायल हो गए। सोनिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना से परिवार में मातम का माहौल है।

बिजनौर। होली का त्योहार मनाने धामपुर से बाइक पर गांव आ रहे सीआरपीएफ जवान की पत्नी का दुपट्टा पहिए में फंस गया। इससे महिला और उसके दो बच्चे सड़क पर गिरने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अफजलगढ़ सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव हिदायतपुर निवासी दीपक कुमार ने बताया कि वह सीआरपीएफ में छत्तीसगढ़ में तैनात है। वह पत्नी सोनिका (30 साल) बेटी अनामिका (4 साल) और बेटा ऋषभ (6 साल) के साथ धामपुर में किराए के मकान में रहता है।
होली का त्योहार मनाने के लिए वह छुट्टी पर धामपुर आया था। मंगलवार को पत्नी तथा बच्चों को लेकर बाइक से होली मनाने गांव हिदायतपुर आ रहा था। नेशनल हाईवे 734 स्थित भूतपुरी पुल के समीप बाइक पर पीछे बैठी सोनिका का दुपट्टा अचानक पहिए में फंस गया। इससे वह बच्चों समेत सड़क पर गिरने से घायल हो गए। सभी को राहगीरों की मदद से अफजलगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने सोनिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद रिलीव कर दिया। महिला की मौत से बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। सीओ आलोक कुमार का कहना है कि परिजनों के आग्रह पर शव बिना पोस्टमार्टम के परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


