
कांवड़ यात्रा: 5 फरवरी से बिजनौर में रहेगा रूट डायवर्जन
Bijnor News - बिजनौर में 5 से 15 फरवरी तक कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात रूट डायवर्जन लागू रहेगा। भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, केवल आवश्यक वस्तुओं के लिए अनुमति होगी। कांवड़ियों के वाहनों के लिए विशेष मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने आमजन से समय से निकलने की अपील की है।
बिजनौर। फाल्गुन माह कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले मंे 5 फरवरी प्रातः 8 बजे से 15 फरवरी रात्रि 12 बजे तक व्यापक यातायात रूट डायवर्जन लागू किया गया है। जिले में कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। पांच से 15 फरवरी तक जिले के प्रमुख मार्गों पर भारी, हल्के और मध्यम वाहनों का रूट डायवर्जन लागू रहेगा। 15 फरवरी को शिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा, जबकि 05 फरवरी से श्रावण मास शुरू होने के साथ ही शिवभक्त गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार रवाना होना शुरू कर देंगे।
जिसको लेकर कांवड़ियों की भारी आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यह व्यवस्था की है। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एएसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह को यातायात नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद की सीमा में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। केवल आवश्यक वस्तुओं, खाद्य सामग्री, पेट्रोलियम, गैस एवं मेडिकल सप्लाई कार्यों से जुड़े वाहनों को रात्रि 11 बजे से सुबह 4 बजे तक थाना मोबाइल एस्कॉर्ट के साथ प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने गंतव्यों के लिए समय से पूर्व निकलें, क्योंकि हालात के अनुसार कभी भी रूट में बदलाव किया जा सकता है। ---- हरिद्वार और पौड़ी जाने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले सभी हल्के व भारी वाहन गंगा बैराज, मोंटी तिराहा (मीरापुर), मुजफ्फरनगर होते हुए जाएंगे। वही कांवड़ियों के वाहन बिजनौर-मंडावर चौराहा, मंडावर, नांगल, मंडावली, भागूवाला, चिड़ियापुर मार्ग से हरिद्वार जाएंगे। पौड़ी जाने वाले हल्के वाहन किरतपुर, जलालाबाद, नहर बाईपास (नजीबाबाद), कोटद्वार होकर जाएंगे। पौड़ी जाने वाले भारी वाहन मुजफ्फरनगर, गंगा बैराज, जलालाबाद, नहर बाईपास से होकर कोटद्वार पहुंचेंगे। ----- मुरादाबाद, काशीपुर, मेरठ की ओर भारी वाहनों का रूट मुरादाबाद/काशीपुर से आने वाले भारी वाहन संभल, अनूपशहर, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर होकर जाएंगे। मुजफ्फरनगर/हरिद्वार से मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहन मेरठ, हापुड़, संभल होते हुए जाएंगे। ----- मेरठ से हरिद्वार जाने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था मेरठ की ओर से बिजनौर होते हुए हरिद्वार जाने वाले सभी हल्के एवं भारी वाहन मोंटी तिराहा (मीरापुर), जानसठ, मुजफ्फरनगर होकर हरिद्वार जाएंगे। वहीं बिजनौर-मंडावर,बालावाली, लक्सर, रुड़की मार्ग पर भारी एवं मध्यम वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ---- गन्ना पेराई सत्र को लेकर विशेष व्यवस्था वर्तमान में चल रहे गन्ना पेराई सत्र को देखते हुए गन्ना ढुलाई में लगे वाहनों को रात्रि 11 से सुबह 4 बजे तक थाना मोबाइल एस्कॉर्ट के साथ निकाला जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर दिन में भी एस्कॉर्ट के साथ पास कराया जा सकता है। ---- रोडवेज बसों का बदला संचालन मार्ग बिजनौर से मुरादाबाद रोडवेज बसें हल्दौर, नहटौर, धामपुर, शेरकोट, अफजलगढ़, काशीपुर, जसपुर होकर चलेंगी। बिजनौर से मेरठ, गाजियाबाद, दिल्ली, देहरादून जाने वाली बसें गंगा बैराज मार्ग से संचालित होंगी। बिजनौर से नजीबाबाद से हरिद्वार जाने वाली बसें गंगा बैराज, मीरापुर, मुजफ्फरनगर होकर जाएंगी, वापसी चिड़ियापुर, समीपुर नहर पटरी से होगी। चांदपुर, अमरोहा, कोटद्वार, नूरपुर रूट की बसें पूर्ववत मार्ग से चलेंगी। ---- हल्के वाहनों के लिए प्रमुख रूट बिजनौर से मुरादाबाद जाने वाले हल्के वाहन नूरपुर-छजलैट मार्ग से जाएंगे। बिजनौर से हरिद्वार, कोटद्वार, पौड़ी, चांदपुर, स्योहारा, नूरपुर, नहटौर, धामपुर सहित अन्य दिशाओं के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नजीबाबाद, नगीना, चांदपुर, धामपुर क्षेत्रों से आवागमन के लिए भी वैकल्पिक रूट लागू रहेंगे। ----- इन मार्गों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध मंडावली, मोटा महादेव, नजीबाबाद, नगीना, धामपुर, स्योहारा, सहसपुर मार्ग। बिजनौर-चांदपुर, बिजनौर-नूरपुर, बिजनौर-हरिद्वार मार्ग। चिड़ियापुर बॉर्डर से भागूवाला चौकी तक का मार्ग। बिजनौर,मंडावर, बालावाली, लक्सर रुड़की मार्ग (कांवड़ियों के वाहनों को छोड़कर)। ----- मोटा महादेव मंदिर पर पार्किंग व्यवस्था फाल्गुन माह कांवड़ मेला के दौरान मोटा महादेव मंदिर के सामने आम के बाग में श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है। ---- अन्य जनपदों से समन्वय के लिए संपर्क नंबर जारी हरिद्वार, कोटद्वार, काशीपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मुरादाबाद, अमरोहा सहित अन्य जनपदों के यातायात पुलिस एवं थाना प्रभारियों के मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं, ताकि आपसी समन्वय बना रहे। ----- कोट-- जिलेभर में कांवड़ यात्रा को लेकर पांच फरवरी से 15 फरवरी तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। सभी लोग समय से पहले अपने गंतव्यों के लिए निकलें। कांवड़ मेला अवधि में निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी असुविधा की स्थिति में यातायात पुलिस से संपर्क करें, ताकि कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। -डा. कृष्ण गोपाल सिंह, एएसपी सिटी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




