शराब की दुकान में नकब लगाकर लाखों की शराब व नकदी चोरी
Bijnor News - गांव पूरनपुर तिबड़ी रोड पर एक देशी शराब एवं ठंडी बीयर शॉप में चोरों ने बीती रात लाखों रुपये की चोरी की। चोरों ने सीसीटीवी कैमरा तोड़कर 22 पेटी शराब, 27 पेटी बीयर और 28 हजार रुपये नकद चुराए। दुकान के मालिक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है, और जांच जारी है।
शहर कोतवाली के गांव पूरनपुर तिबड़ी रोड स्थित देशी शराब एवं ठंडी बीयर शॉप पर बीती रात चोरों ने नकब लगाकर लाखों रुपये की चोरी की। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा को तोड़ गए और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। दुकान स्वामी ने चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शहर कोतवाली निवासी विशाल कर्णवाल की गांव पूरनपुर तिबड़ी रोड स्थित देशी शराब एवं ठंडी बीयर शॉप की दुकान है। शुक्रवार की रात चोर दुकान के पीछे से दीवार काटकर अंदर घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब 22 पेटी देशी शराब व 27 पेटी बीयर और गल्ले में रखे 28 हजार रुपये की नकद चोरी कर ले गए।
इसके अलावा चोर शराब स्कैन करने की मशीन भी साथ ले गए। चोरी को छिपाने के लिए चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। शनिवार की सुबह को जब दुकान का स्टाफ शॉप खोलने पहुंचा तो पीछे की ओर नकब लगा देख उनके होश उड़ गए। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और बड़ी मात्रा में शराब गायब थी। सूचना पर बिजनौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसएसआई अमर सिंह राठौर का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




