छात्र पिटाई प्रकरणः शिक्षक पहुंचे कोतवाली, धमकी का आरोप

Newswrap हिन्दुस्तान, बिजनौर
share

Bijnor News - शहर कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय आदमपुर में कक्षा दो के छात्र की मां ने शिक्षिका पर अपने बच्चे से झाड़ू लगवाने और मना करने पर पिटाई का आरोप लगाया। मुख्य अध्यापिका ने महिलाओं पर गाली-गलौज और झूठे मुकदमे की धमकी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। मामला समझौते से समाप्त हुआ।

छात्र पिटाई प्रकरणः शिक्षक पहुंचे कोतवाली, धमकी का आरोप

शहर कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय आदमपुर में कक्षा दो के छात्र की मां द्वारा अपने बच्चे से स्कूल में झाड़ू लगवाने व मना करने पर शिक्षिका पर बेहरमी से पिटाई के आरोप के विरोध में बुधवार को काफी संख्या में शिक्षक कोतवाली पहुंचे। मुख्य अध्यापिका ने दो महिलाओं पर स्कूल में घुसकर गाली-गलौज, अभद्रता करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी, साथ ही कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि ग्राम रसूलपुर पिरथी उर्फ आदमपुर निवासी महिला हरवती पत्नी अनिल कुमार ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर आरोप लगाया था कि टीचर ने कक्षा दो में पढ़ रहे उसके पुत्र लविश से स्कूल में झाड़ू और साफ-सफाई के लिए कहा। आरोप लगाया कि लविश द्वारा मना करने पर कक्षा टीचर ने उसके पुत्र लविश के साथ मारपीट की, जिसमें उसके पुत्र के हाथ-पैर में चोट आ गई। महिला का यह भी आरोप था कि जब वह स्कूल पहुंची और शिकायत की तो प्रधानाचार्य ने उससे अभद्र व्यवहार किया。

मामले में शिक्षक-शिक्षिकाओं की शिकायत

मामले में बुधवार को प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर परथी आदमपुर की मुख्य अध्यापिका लता सहित काफी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं शहर कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर आरोप लगाया कि विद्यालय में 21 अप्रैल को कृष्णा पुत्र बलवेंद्र का कक्षा पांच और 2 मई को लविश पुत्र अनिल कुमार का कक्षा दो में प्रवेश हुआ था। दोनों छात्र आपस में मौसेरे भाई हैं, दोनों भाई विद्यालय में अन्य बच्चों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करते हैं। आरोप है कि कृष्णा को समझाने का प्रयास किया गया तो उसने मुख्य अध्यापिका के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। मुख्य अध्यापिका के अनुसार छात्रों की अनुशासनहीनता की जानकारी देने के लिए दोनों बच्चों की माताओं रूकमेश और हरवती को विद्यालय बुलाया गया था। आरोप है कि स्कूल पहुंचने पर दोनों महिलाओं ने उल्टा उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गईं। तहरीर में कहा गया कि दोनों महिलाओं ने उन्हें झूठे एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी तक दी। हालांकि शहर कोतवाली थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। अब कोई विवाद नहीं है।

Voice of UP

राष्ट्रगान के दौरान हुआ हंगामा

मुख्य अध्यापिका का आरोप है कि बुधवार सुबह दोनों महिलाएं फिर स्कूल पहुंच गईं और गाली-गलौज करने लगीं, जिससे विद्यालय में चल रहा राष्ट्रगान बाधित हो गया। जब स्कूल स्टाफ ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों महिलाओं ने कथित रूप से अध्यापिकाओं और कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों महिलाओं को स्कूल परिसर से बाहर भेजा गया।

इलाज के नाम पर रुपये मांगने का आरोप

तहरीर में कहा गया है कि दोनों महिलाएं अध्यापिका अर्चना शर्मा और मुख्य अध्यापिका लता पर छात्र लविश के साथ मारपीट का झूठा आरोप लगा रही हैं, जबकि अन्य बच्चों ने बताया कि लविश दो दिन पहले सीढ़ियों से गिर गया था। मुख्य अध्यापिका ने आरोप लगाया कि दोनों महिलाएं इलाज के नाम पर 20 हजार रुपये और अतिरिक्त 50 हजार रुपये की मांग भी कर रही हैं तथा रुपये न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

इस मामले में मुख्य अध्यापिका ने किस पर आरोप लगाया?
मुख्य अध्यापिका ने दो महिलाओं पर स्कूल में घुसकर गाली-गलौज, अभद्रता करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।