कार की टक्कर से दो सिपाही घायल, एक की हालत नाजुक
Bijnor News - कार की टक्कर से दो सिपाही घायल, एक की हालत नाजुक

शहर कोतवाली क्षेत्र के मंडावर चौराहा पर शनिवार देर रात कांवड़ ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। कार की टक्कर से डयूटी कर रहे दो सिपाही घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक सिपाही को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। सूचना पर एसपी अभिषेक झा व एएसपी सिटी डॉ कृष्ण गोपाल सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। शनिवार की देर रात शहर कोतवाली की बेगावाला चौकी पर तैनात सिपाही हरेंद्र सिंह व ललित कुमार कावड़ ड्यूटी के लिए मंडावर चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान मंडावर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि वह सिपाही हरेन्द्र सिंह दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कार में मौजूद महिला और बच्चे भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाहियों व कार सवारों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हरेंद्र की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक झा, एएसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह व सीओ सिटी संग्राम सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर और घायलों का हाल जाना। ---- कोट-- सुमित नामक व्यक्ति तेज रफ्तार से कार चला रहा था, जिसने सिपाही को टक्कर मारी। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है। कार में सवार उसके कुछ रिश्तेदार भी घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। -अभिषेक झा, एसपी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


