
दुर्गा विहार कॉलोनी से राजपूताना तक सड़क चौड़ीकरण रुका
Bijnor News - दुर्गा विहार कॉलोनी से राजपूताना तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य वन विभाग की अनुमति न मिलने के कारण रुका हुआ है। इस मार्ग पर पहले से ही जाम की समस्या है, और खुदाई के बाद स्थिति और बिगड़ गई है। विधायक अशोक राणा ने मुख्यमंत्री से धनराशि स्वीकृत कराई थी, लेकिन पेड़ों की कटान के लिए अनुमति नहीं मिल रही है।
दुर्गा विहार कॉलोनी से नगीना चौक होते हुए राजपूताना तक बनने वाले सड़क चौड़ीकरण कार्य रुक गया है। मार्ग चौड़ीकरण को लेकर वन विभाग ने अभी तक वर्किंग परमिशन जारी नहीं की है। जिस कारण निर्माण कार्य ठप पड़ गया है। इस मार्ग पर वाहनों और अतिक्रमण के चलते पहले से ही जाम की गंभीर समस्या बनी हुई थी। ऐसे में सड़क की खुदाई के बाद काम रुकना आम जनजीवन को और अधिक कष्ट दे रहा है। धामपुर विस भाजपा विधायक अशोक राणा के प्रयासों से इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए मुख्यमंत्री से धनराशि स्वीकृत कराई गई थी। धन स्वीकृत होते ही लोनिवि ने चौड़ीकरण कार्य की शुरुआत की।

डिवाइडर तथा विद्युत पोलों का स्थान परिवर्तन करने की प्रक्रिया चालू की गई। परंतु वन विभाग से 35 पेड़ों की कटान हेतु वर्किंग परमिशन न मिलने के कारण निर्माण अधर में लटक गया है। सूत्रों के अनुसार पेड़ों के मुआवजे की राशि जमा होने के बाद भी परमिशन प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। वर्तमान में विवाह समारोहों का सीजन चल रहा है और इस रूट पर आधा दर्जन से अधिक स्कूल, कॉलेज व मंदिर स्थित हैं। इस वजह से प्रतिदिन हजारों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन खुदाई के बाद बनी खतरनाक स्थिति के चलते राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उधर, रेंजर शशांक गुप्ता ने बताया कि वर्किंग परमिशन न मिलने तक निर्माण न करने को कहा गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




