
नौ माह से धरने पर बैठे बंगाली समाज के लोग नजरबंद, अंधेरे में डलवाई मिट्टी
Bijnor News - नवनिर्मित हाईवे पर हेमराज बंगाली कॉलोनी के सामने अंडरपास की मांग को लेकर धरने पर बैठे लोगों को प्रशासन ने नजरबंद कर दिया। इस कार्रवाई से कॉलोनी के लोगों में आक्रोश फैल गया है। बंगाली समाज ने 18 अप्रैल से धरना शुरू किया था, लेकिन प्रशासन ने बिना बातचीत के काम करना शुरू कर दिया।
नवनिर्मित हाईवे पर हेमराज बंगाली कॉलोनी के सामने अंडरपास की मांग को लेकर नौ माह से धरने पर बैठे बंगाली समाज के लोगों को शनिवार रात प्रशासन ने नजरबंद कर दिया और धरना स्थल पर मिट्टी डलवाकर निर्माण की संभावना लगभग खत्म कर दी। इस कार्रवाई से कॉलोनी के लोगों में जबर्दस्त आक्रोश फैल गया है। बंगाली समाज के लोग 18 अप्रैल से लगातार धरने पर बैठे थे। उनका कहना था कि बिना अंडरपास के कॉलोनी के हजारों लोगों का आवागमन असुरक्षित हो जाएगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सांसद चंदन चौहान समेत कई जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर समस्या बताई। सभी ने समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन धरातल पर कोई पहल नहीं हुई।
शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे अचानक भारी पुलिस बल बंगाली कॉलोनी पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस की मौजूदगी में धरना स्थल पर मिट्टी डालने का काम शुरू करा दिया गया, जहां लोग सर्विस रोड के निर्माण का विरोध कर रहे थे। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उन्हें मौके पर जाने तक नहीं दिया गया। समाज के लोगों का कहना है कि प्रशासन ने बिना बातचीत के तानाशाही रवैया अपनाया है। वर्षों पुरानी आबादी के सामने आने-जाने का सुरक्षित रास्ता छिन रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों ने चेतावनी दी है कि यदि अंडरपास नहीं बनाया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, लेकिन इलाके के लोगों में रोष है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




