तालिब-खालिद प्रकरणः पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को किया नजरबंद
Bijnor News - बिजनौर में खालिद-तालिब प्रकरण को लेकर राजनीतिक उबाल आया है। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने जेल में बंद तालिब बंधुओं से मिलने से रोका। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेनरीता राजीव चौधरी ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना की है और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

बिजनौर। खालिद-तालिब प्रकरण को लेकर जिले की राजनीति में उबाल आया हुआ है। मामला अब केवल कानूनी दायरे तक सीमित नहीं रहकर राजनीतिक टकराव का रूप लेता जा रहा है। तालिब-खालिद बंधुओं के पक्ष में विपक्षी दल खड़े हो गए है। पुलिस ने सोमवार को जेल में बंद तालिब बंधुओं से मुलाकात करने वाले कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को घर और कार्यालय में नजरबंद कर लिया। कांग्रेस प्रदेश हाईकमान के निर्देश पर सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेनरीता राजीव चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल को जेल में बंद कारोबारी तालिब बंधुओं से मुलाकात करनी थी। सोमवार को जिला कारागार में बंद तालिब बंधुओं से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने पहले ही रोक दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेनरीता राजीव सिंह, पूर्व मंत्री ओमवती, पूर्व आईएएस आरके सिंह और कांग्रेस चिकित्सा विभाग के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आजाद बेग को आवास विकास स्थित घर पर ही नजरबंद कर दिया गया। वहीं, नगर अध्यक्ष हुमायूं बेग को चाहशीरी स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किया।उधर, कांग्रेस कार्यालय पर मौजूद नीरज चौधरी, मुनीश त्यागी, विक्रम सिंह, अनिल त्यागी, चितवन शर्मा, और पीयूष त्रिपाठी को भी पुलिस ने बाहर नहीं निकलने दिया। जिलाध्यक्ष हेनरीता राजीव सिंह ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। कहा कि पार्टी के नेता केवल जेल में बंद लोगों से मिलने जा रहे थे, लेकिन उन्हें जबरन रोक दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि तालिब बंधुओं के साथ अन्याय हो रहा है और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।कार्यालय के बाहर धक्कामुक्की का आरोपआरोप है कि पुलिस ने कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की भी की। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। जिलाध्यक्ष के आवास पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


