बिजनौर: मोस्ट वांटेड सन्नी को लेकर हल्दौर पहुंची एमपी रेलवे पुलिस, सर्राफा बाजार में मचा हड़कंप
Bijnor News - हल्दौर में शनिवार को मध्य प्रदेश रेलवे पुलिस की टीम ने मोस्ट वांटेड आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया। जैसे ही यह खबर बाजार में फैली, सर्राफा मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की टीम आरोपी के स्थानीय नेटवर्क और सहयोगियों की जांच कर रही है, जिससे आपराधिक गतिविधियों में मदद मिलती रही है।

हल्दौर। कस्बा हल्दौर में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब मध्य प्रदेश रेलवे पुलिस की टीम मोस्ट वांटेड आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ सन्नी को अपने साथ लेकर यहां पहुंची। जैसे ही यह खबर बाजार में फैली, खासकर सर्राफा मार्केट में अफरा-तफरी और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। पुलिस टीम आरोपी को लेकर सीधे उसके पुराने ठिकानों और संभावित संपर्कों की ओर बढ़ी। सूत्रों के अनुसार, टीम का मुख्य उद्देश्य सन्नी के स्थानीय नेटवर्क, सहयोगियों और उन कड़ियों को खंगालना है, जो उसे लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में मदद करती रही हैं। गौरतलब है कि हरविंदर सिंह उर्फ सन्नी का नाम पहले भी विशाखापट्टनम के चर्चित सोना लूटकांड में सामने आ चुका है।
उस समय भी हल्दौर के सर्राफा बाजार में हलचल मच गई थी और बाहरी पुलिस टीमों ने कई व्यापारियों से पूछताछ की थी। अब एक बार फिर उसी कड़ी के दोबारा खुलने की आशंका से बाजार में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस की गतिविधियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं कई व्यापारी सतर्क नजर आए और दिनभर बाजार में चर्चाओं का दौर चलता रहा कि आखिर सन्नी के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं।पुलिस अधिकारियों ने हालांकि आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन संकेत दिए हैं कि पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं। टीम स्थानीय स्तर पर उन सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिनसे आरोपी को आर्थिक या अन्य प्रकार की सहायता मिलती रही हो। सूत्र बताते हैं कि पुलिस की खास नजर सर्राफा बाजार पर है, जहां से पुराने मामलों में कनेक्शन सामने आए थे। हालांकि अभी तक किसी भी व्यापारी के खिलाफ कोई कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार पूछताछ से माहौल गर्माया हुआ है।सन्नी के हल्दौर पहुंचने की खबर से पूरे क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। एक समय स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहा यह चेहरा अब बड़े आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है, जिससे लोगों में उत्सुकता और चिंता दोनों बनी हुई है।फिलहाल पुलिस टीम जांच में जुटी है और माना जा रहा है कि आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


