मुठभेड़ में गोकशी का आरोपी घायल, दूसरा कार की टक्कर से हुआ जख्मी
Bijnor News - नगीना पुलिस ने गोकशी के दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। एक आरोपी के पैर में गोली लगी और दूसरा कार की चपेट में आकर घायल हुआ। पुलिस ने उनके पास से गोकशी के उपकरण, एक कार और बाइक बरामद की। दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ कई मुकदमें दर्ज हैं।

नगीना। नगीना पुलिस ने गोकशी के दो आरोपियों को एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि दूसरा अपने ही साथी की कार की चपेट में आकर घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को नगर के सीएचसी में ले जाकर उपचार कराया। पुलिस ने उनसे एक कार, बाइक, तमंचा आदि के साथ गोकशी के उपकरण भी बरामद किए हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमें दर्ज हैं और दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया। मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि दो शातिर लोगों ने तुखमापुर के जंगल में गोकशी की घटना को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही तुरंत तुखमापुर मार्ग पर पुलिस बल ने घेराबंदी शुरू कर दी। उसी समय पुलिस को तुखमापुर की ओर से एक बाइक सवार और उसके पीछे एक कार आती दिखाई दी। इसके बाद बाइक सवार ने तुरंत अपनी बाइक को पीछे की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी बाइक की टक्कर पीछे आ रही कार से हो गई जिसमें वह घायल हो गया। इसी बीच कार सवार भी कार को छोड़ कर भागने का प्रयास करने लगा जब पुलिस ने उसे ललकारा तो उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया, जिस पर पुलिस ने भी जबावी फायरिंग करते हुए फायर किया, जिससे आरोपी के बाएं पैर में गोली लगने से वह भी घायल हो गया। तुरन्त ही दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो आरोपियों ने गोकशी की घटना को कबूल करते हुये अपना नाम वाहिद उर्फ टल्ली पुत्र अब्दुल वहाब व अल्ताफ पुत्र महताब निवासी मुहल्ला कलालान नगीना बताया। पुलिस ने उनसे एक बाइक, कार और तमंचा, एक खोका, चापड़, चाकू, रस्सी आदि बरामद किया। सीओ नगीना डॉ.अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ नगीना थाने के साथ साथ विभिन्न स्थानों पर काफी मुकदमें दर्ज हैं। दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं। बताया कि हिस्ट्रीशीटर वाहिद उर्फ टल्ली के खिलाफ बीस और अल्ताफ के खिलाफ 14 मुकदमें दर्ज हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


