1225 एनएचएम कर्मियों को होली से पूर्व मानदेय मिलने पर संशय
Bijnor News - राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 1225 संविदा कर्मचारियों को होली से पहले फरवरी का मानदेय मिलना संदिग्ध है। नए एसएनए स्पर्श पोर्टल के कारण भुगतान में देरी हो रही है। पिछले कुछ महीनों से कर्मचारियों को मानदेय का भुगतान समय पर नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 1225 संविदा कर्मचारियों के सामने होली के त्योहार पर मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। होली से पूर्व फरवरी का मानदेय मिलने पर संशय है। दरअसल भुगतान प्रणाली में बदलाव कर नया एसएनए स्पर्श पोर्टल लॉन्च करने से दिक्कत आ रही है। पुराना दो महीने के मानदेय का लटका हुआ भुगतान भी देरी से मिला है। जिले के स्वास्थ्य विभाग में जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी और पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में एनएचएम के तहत स्टाफ नियुक्त होता है। इनमें चिकित्सक से लेकर एलटी, आपरेटर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद तक शामिल हैं। चार मार्च की होली है।
विभागीय कर्मियों के अनुसार होली से पहले इनके फरवरी का मानदेय मिलने में संशय खड़ा हो गया है। इसका कारण यह है कि नई भुगतान प्रणाली एसएनए स्पर्श से इनका भुगतान पहले भी दो महीने किन्हीं कारणों से रुका पड़ा रहा। दो माह का मानदेय भी करीब एक सप्ताह पूर्व ही मिल पाया है। संविदा कर्मियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से एनएचएम संविदा कर्मचारियों के भुगतान को लेकर दिक्कत आ रही है। दो-दो महीने तक मानदेय का भुगतान नहीं हो रहा है। एसएनए स्पर्श पोर्टल आने के बाद से अक्सर यह पता ही नहीं चल पाता, कि किस कारण से और किस स्तर पर भुगतान लटका है, हालांकि मिशन निदेशक की ओर से भी होली से पूर्व मानदेय दिलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। वर्जन:: अब एसएनए स्पर्श पोर्टल के माध्यम से संविदा कर्मचारियों का भुगतान हो रहा है। पिछले दो माह का भुगतान हो चुका है। होली से पहले ही फरवरी के मानदेय का भुगतान जरूर कराया जाएगा। -डा. अनिल कुमार सिंह, डिप्टी सीएमओ/नोडल अफसर एनएचएम
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


