Bijnor News: ईओ ने दो वार्डों का किया औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था परखी
Bijnor News: चांदपुर पालिका के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने वार्ड 15 और 16 का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई, नाली, सड़क, पेयजल और स्ट्रीट लाइट की स्थिति की जांच की। निरीक्षण में कमियों को जल्दी सुधारने के निर्देश दिए गए। नागरिकों से प्रतिक्रिया सकारात्मक रही, लेकिन पॉलीथिन उपयोग पर चेतावनी दी गई।

Bijnor News: चांदपुर पालिका अधिशासी ने बुधवार को वार्ड 15 और 16 का औचक निरीक्षण कर सफाई, नाला-नालियों, सड़कों, पेयजल और पथ प्रकाश व्यवस्था की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। पालिका अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने वार्ड 15 और 16 में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मोहल्ले के निवासियों, महिलाओं और जनप्रतिनिधियों से पालिका की सेवाओं के बारे में जानकारी ली। सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव को लेकर नागरिकों की प्रतिक्रिया मिली-जुली लेकिन सकारात्मक रही। महिलाओं ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ी प्रतिदिन आने की बात कही।निरीक्षण में कुछ स्थानों पर नालियों में कीचड़ और किनारों पर घास उगी मिली।
इस पर सफाई नायक को चेतावनी देते हुए व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। सड़कों के गड्ढे भरने और टूटी सड़कों के निर्माण के लिए संबंधित प्रभारी को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए। एक स्थान पर पेयजल पाइप लाइन में लीकेज मिलने पर प्राथमिकता के आधार पर उसे ठीक कराने को कहा गया। वहीं, स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायतों पर मरम्मत के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर उसे जब्त किया गया और दुकानदारों को भारी जुर्माने की चेतावनी दी गई। ईओ ने लोगों से पॉलीथिन का प्रयोग न करने और कागज, जूट व कपड़े के थैलों का प्रयोग करने की अपील की।इस दौरान वार्ड 15 के सभासद प्रशांत गर्ग, वार्ड 16 के सभासद प्रतिनिधि शेख रईस, सफाई निरीक्षक विकास लोहरा, निर्माण एवं पथ प्रकाश प्रभारी महबूब खान, सफाई सुपरवाइजर अमित मदान सहित पालिका कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। ईओ ने कहा कि संचारी रोग अभियान के तहत आगामी दिनों में भी इसी तरह औचक निरीक्षण किए जाएंगे। लापरवाही मिलने पर पहले चेतावनी और दोबारा कमी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


