Bijnor News: फैसलाः जेल गेट पर हुए विशाल हत्याकांड में रौनक-हर्षित को उम्रकैद
Bijnor News: बिजनौर जेल से रिहा होकर बाहर आए राजन पर हत्या की नीयत से फायरिंग करने के मामले में अदालत ने दो दोषियों रौनक और हर्षित चिकारा को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इस घटना में विशाल शर्मा की मौत हो गई थी। पुलिस जांच में साजिश का खुलासा हुआ और 11 गवाहों की गवाही पर दोनों को दोषी ठहराया गया।

Bijnor News: बिजनौर जेल से रिहा होकर बाहर आए राजन पर हत्या की नीयत से फायरिंग करने और इस दौरान अपने ही साथी विशाल शर्मा की गोली लगने से हुई मौत के मामले में अदालत ने दो दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. शहजाद अली ने रौनक और हर्षित चिकारा को हत्या और हत्या के प्रयास का दोषी ठहराते हुए दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोनों दोषियों पर 70-70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता अजीत पंवार और प्रमोद शर्मा के अनुसार 30 जून 2023 को रात करीब सवा आठ बजे किरतपुर क्षेत्र के शादीपुर निवासी राजन जेल से रिहा होकर जेल परिसर के बाहर पहुंचा था। उस समय जेल हेड वार्डर रंजीत सिंह, सिपाही शिवम और राजीव कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान स्योहारा क्षेत्र के बिशनपुर निवासी विशाल शर्मा और हीमपुर दीपा क्षेत्र निवासी रौनक जेल गेट पर पहुंचे।
घटना का वर्णन
राजन ने रौनक को पहचान लिया और वह वापस जेल की ओर भागने लगा। आरोप है कि रौनक और विशाल ने तमंचे निकालकर उसे घेर लिया। सिपाही राजीव ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान विशाल ने फायरिंग कर दी। गोली हेड वार्डर रंजीत सिंह के हाथ को चीरती हुई निकल गई। इसी बीच राजन ने विशाल शर्मा को पकड़ लिया। आरोप है कि अपने साथी को बचाने के लिए रौनक ने राजन पर गोली चला दी। गोली राजन को लगने के बजाय साथी विशाल शर्मा को जा लगी। पुलिसकर्मियों ने रौनक को पकड़ लिया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया गया। गोली लगने से विशाल शर्मा की मौत हो गई।
पुलिस जांच और साक्ष्य
अभियोजन के मुताबिक विवेचना में सामने आया कि हर्षित चिकारा ने राजन की हत्या की साजिश रची थी और रौनक व विशाल को जेल के बाहर भेजा था। बताया गया कि रचित की हत्या के बाद शहर में वर्चस्व कायम करने को लेकर आपसी रंजिश चल रही थी।
अभियोजन के अनुसार घटना से करीब डेढ़ माह पहले राजन ने हर्षित चिकारा के घर पर फायरिंग की थी। इसी को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई थी। राजन ने पुलिस को यह भी बताया था कि रौनक उसका दोस्त था और घटना से पहले दोनों हरिद्वार में साथ रहते थे।
---
11 गवाहों ने दी घटना की गवाही
गवाहों की गवाही
पुलिस ने विवेचना पूरी कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने 11 गवाह पेश किए। गवाहों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने शनिवार को दोनों को दोषी ठहराया और सोमवार को सजा सुनाते हुए दोनों को उम्रकैद की सजा दी।
---
वर्चस्व के लिए हर्षित चिकारा ने रची थी साजिश
साजिश का खुलासा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हर्षित चिकारा ने साजिश रचकर राजन की हत्या के लिए रौनक और विशाल शर्मा को जेल भेजा था। बिजनौर में चर्चित रहे आरोपी रचित की हत्या के बाद अपना वर्चस्व कायम करने की होड़ में इस घटना को अंजाम दिया गया।


