हिंदू कॉलोनी में गुलदार का हमला, बछड़े को बनाया शिकार
Bijnor News - कोतवाली देहात के हिंदू कॉलोनी में सोमवार रात एक गुलदार ने बछड़े को मार डाला, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोग रात में बाहर निकलने से डर रहे हैं। वन विभाग ने मामले की जानकारी मिलने पर गश्त बढ़ाई है और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।

कोतवाली देहात। कस्बे की हिंदू कॉलोनी में सोमवार रात गुलदार के हमले से एक बछड़े की मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है और रात के समय बाहर निकलने से लोग कतरा रहे हैं। जानकारी के अनुसार हिंदू कॉलोनी निवासी इंदर सिंह के घर के बाहर बछड़ा बंधा हुआ था। देर रात गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उसे मार डाला। सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच की।
अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।गुलदार की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने बढ़ापुर रोड पर पिंजरा भी लगाया है, ताकि उसे पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही देखी जा रही थी, लेकिन इस घटना के बाद डर और बढ़ गया है। लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


