गुलदार के हमले में महिला घायल, ग्रामीण इलाकों में दहशत
Bijnor News - अफजलगढ़ में एक गुलदार ने खेत में काम कर रही महिला मोमीना खातून पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया और गंभीर अवस्था में हायर सेंटर के लिए रैफर किया गया। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई है और ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने की मांग की।
अफजलगढ़। गुलदार ने हमला करके खेत में काम कर रही महिला को घायल कर दिया। घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसको हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया गया। आबादी के इर्दगिर्द गुलदार की चहल कदमी थमने का नाम नहीं ले रही है। गुलदार द्वारा हमला करके महिला को घायल करने के बाद लोगों में दहशत व्याप्त है। इस्लामनगर ग्राम पंचायत में गुलदार लगातार चहल कदमी कर रहा है। सोमवार को गांव हिदायतपुर निवासी महिलाएं इस्लामनगर ग्राम पंचायत के तहत मुरलीवाला फार्म स्थित खेत में गन्ने की छिलाई कर रही थीं। आसपास घात लगा कर बैठा गुलदार अचानक खेत में आ धमका तथा महिलाओं पर हमलावर हो गया।
गुलदार का हमलावर रूख देखकर महिलाओं ने चिल्लाते हुए इधर-उधर भागकर मदद की गुहार की। इस दौरान गुलदार ने झपटटा मारकर मोमीना खातून पत्नी मो. सुक्खे (50 साल) को घायल कर दिया। शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने मौके पर पंहुचकर बामुश्किल गुलदार को जंगल की ओर खदेडा। इसके बाद घायल महिला को अफजलगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीरावस्था के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसको हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया गया। घटना से गांव तथा आस पास दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजडा लगाकर गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। वन कर्मियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाया गया है। सम्बंधित वन क्षेत्राधिकारी (नगीना) प्रदीप शर्मा के मुताबिक विभागीय नियमों के तहत आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करके पीड़िता को निर्धारित मुआवजा राशि मुहैय्या कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



