
वंडर गर्ल जाह्नवी पंवार ने बच्चों को दिए सफलता के टिप्स
Bijnor News - भारत की वंडर गर्ल जाह्नवी पंवार ने 13 वर्ष की आयु में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और उन्हें ज्ञानवर्धन के लिए पढ़ाई करने की सलाह दी। 21 वर्ष की आयु में उन्होंने आइआइटी दिल्ली में प्रवेश लेकर सबसे कम उम्र की पीएचडी स्कालर बनने का कीर्तिमान स्थापित किया।
मात्र 13 वर्ष की उम्र में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करके भारत की वंडर गर्ल के नाम से सुविख्यात व हरियाणा की बेटी जाह्नवी पंवार ने चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के टिप्स दिया। उन्हें प्रतिभावान छात्र बनने के लिए प्रोत्साहित किया। चिल्ड्रंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जाह्नवी पंवार के स्कूल पहुंचने पर स्कूल प्रबंधतंत्र, शिक्षकों व छात्रों ने पुष्प गुच्छ से स्वागत किया। जाह्नवी ने कहा कि उसने केवल 11 वर्ष की उम्र में 10वीं तथा 13 साल की आयु में 12वीं, 16 वर्ष की आयु में दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक व 18 वर्ष की आयु में पीजी की डिग्री हासिल की है।

पीजी के बाद 19 वर्ष की उम्र में सहायक प्रोफेसर बनकर देश के आइएएस अधिकारियों को मोटिवेशनल स्पीच देती हैं। जाह्नवी पंवार ने 21 साल की आयु में आइआइटी दिल्ली में प्रवेश लेकर सबसे कम आयु की पीएचडी स्कालर बनने का कीर्तिमान स्थापित किया। विद्यार्थियों को परामर्श दिया कि वह शिक्षा में उच्च मानक के लिए नहीं बल्कि ज्ञानवर्धन के लिए तन्मयता से पढ़ाई करें। पढ़ाई में भी अच्छे मित्रों के बीच रहें क्योंकि व्यक्ति का परिवेश उसके जीवन पर सीधा प्रभाव डालता है। कार्यक्रम स्कूल के संस्थापक प्रबंध निदेशक सत्यवीर गुप्ता, प्रबंधक डॉ. प्राज्ञ गोयल, सदस्य डॉ. राजवीर राणा व प्रधानाचार्य गौरव गोयल ने वंडर गर्ल जाह्नवी पंवार को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


