
पहले लिव इन रिलेशनशिप, अब प्रेमी को सरेराह पीटा
संक्षेप: Bijnor News - बिजनौर के धामपुर में रोडवेज बस स्टैंड पर एक प्रेमिका ने अपने परिजनों के साथ मिलकर अपने प्रेमी को पीटा। चार साल से लिव इन में रह रहे युवक और युवती के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों को थाने ले जाकर समझौता करवा दिया।
बिजनौर। धामपुर स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर बुधवार रात प्रेमिका ने प्रेमी को अपने परिजनों के साथ मिलकर बीच सड़क पर पीटना शुरू कर दिया। काफी देर हाईवोल्टेज ड्रामा चला। इस दौरान भीड़ एकत्रित हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस प्रेमी युगल को थाने ले गई। पुलिस के अनुसार धामपुर क्षेत्र की एक युवती का गजरौला के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चार साल से दोनों गजरौला में ही लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं। आरोप है कि युवक युवती के परिजनों पर शादी के लिए दहेज का दबाव बनाने लगा।

इस पर युवती की प्रेमी से अनबन हो गई और वह गजरौला छोड़कर अपने घर आ गई। प्रेमिका के जाने के बाद बुधवार को प्रेमी उससे मिलने धामपुर रोडवेज बस स्टैंड पहुंचा और जबरन युवती को ले जाने लगा। इस पर युवती भड़क गई और युवक से हाथापाई शुरू कर दी। इस बीच युवती के परिजन भी पहुंच गए। युवती ने परिजनों के साथ मिलकर प्रेमी को पीटना शुरू कर दिया। यह देख राहगीरों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने भी युवक को पीटा। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी युगल को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस संबंध में कोतवाल मृदुल सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




