दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर जाने से बचे
Bijnor News - बिजनौर में डीएम जसजीत कौर ने मौसम विभाग की जानकारी के आधार पर आगामी कुछ दिनों में लू और उष्ण रात्रि की संभावना बताई है। 27 मई तक जनपदवासियों और किसानों के लिए सावधानियों और दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

बिजनौर। डीएम जसजीत कौर ने मौसम विभाग आईएमडी लखनऊ के पत्र के हवाले से जानकारी देते हुए बताया कि आगामी कुछ दिनों में संभाग में लू चलने एवं उष्ण रात्रि होने की संभावना व्यक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद बिजनौर को 27 मई तक के लिए संभाग के दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना व्यक्त किए जाने के दृष्टिगत जनपदवासियों, कृषकों एवं पशुपालकों के लिए आवश्यक सावधानियां एवं एडवाइजरी जारी की गई है। डीएम ने बताया कि संभावित हीट वेव को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आमजन, किसानों एवं पशुपालकों के लिए आवश्यक सावधानियां एवं दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें तथा हल्के रंग के सूती वस्त्र पहनें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी अथवा छतरी से ढककर रखें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। अधिक मात्रा में पानी, छाछ, नींबू पानी एवं ओआरएस आदि का सेवन करने की सलाह दी गई है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों का ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। किसानों को फसलों में हल्की सिंचाई कर पर्याप्त नमी बनाए रखने तथा कटाई के बाद फसल को खेत में अधिक समय तक न छोड़ने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को पशुओं को छायादार स्थान पर रखने एवं पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर जाने से बचें। बच्चों एवं जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


