Bijnor News: कांवड़ यात्रा के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 24 घंटे सेवाएं देने के लिए बनी अस्थायी मेडिकल हेल्प पोस्ट
Bijnor News: आगामी शिवरात्रि (श्रावण कांवड़ मेला-2026) के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर ली है। 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक 24 घंटे चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध रहेंगी। प्रमुख मार्गों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। कांवड़ यात्रियों के लिए अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित हैं और सभी प्रमुख हेल्प डेस्क की जानकारी जारी की गई है।

Bijnor News: आगामी शिवरात्रि (श्रावण कांवड़ मेला-2026) के दृष्टिगत जनपद में कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। सीएमओ डा. कौशलेंद्र सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार आगामी 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक रूट पर पूरे एक महीने जनपद में 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं संचालित रहेंगी।
मुख्य मार्गों पर विशेष प्रबंध
हरिद्वार से आने व जाने वाले कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए जिले के सभी प्रमुख मार्गों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले सभी प्रमुख ब्लॉकों और स्वास्थ्य केंद्रों (जैसे नजीबाबाद, मण्डावर, नगीना, नहटौर, स्योहारा, कोतवाली, नूरपुर, हल्दौर, जलीलपुर, धामपुर, कासिमपुरगढ़ी आदि) में प्रभारी चिकित्सकों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। आपातकालीन स्थिति में समन्वय के लिए इन प्रभागों के हेल्प डेस्क और प्रभारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं। जिला मुख्यालय पर एक 24 घंटे क्रियाशील कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 01342-262010 है। किसी भी आपातकालीन सूचना या मदद के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
अस्थायी चिकित्सा हेल्प पोस्ट
कांवड़ यात्रियों के मुख्य मार्गों पर अस्थायी चिकित्सा शिविर बनाए गए हैं, जहां 24 घंटे (तीन शिफ्टों में) स्वास्थ्य कर्मी तैनात रहेंगे।
मोटा महादेव (साहनपुर): इस बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव पर 24 घंटे डॉक्टरों, फार्मासिस्टों और वार्डब्वॉय की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही, आपातकालीन सेवा के लिए 108 एम्बुलेंस इस शिविर पर हर समय मुस्तैद रहेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं का समयानुसार संचालन
भागूवाला: इस मार्ग पर भी कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए तीन पालियों (सुबह 8 से दोपहर 2, दोपहर 2 से रात 8, और रात 8 से सुबह 8 बजे तक) में स्वास्थ्य सेवाएं बहाल रहेंगी।
प्रमुख सीएचसी व पीएचसी पर चिकित्सा टीमें सक्रिय
धामपुर, नगीना, चन्दक जैसे प्रमुख सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कांवड़ियों के इलाज के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। इसके अतिरिक्त जिला संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष, बिजनौर में भी एक विशेष चिकित्सा टीम (वाहन चालक एवं मैकेनिक्स सहित) तैनात रहेगी, ताकि किसी भी संक्रामक बीमारी या महामारी की स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
निर्धारित कांवड़ मार्ग और रूट व्यवस्था
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के लिए पांच मुख्य मार्ग निर्धारित किए हैं, जहां चिकित्सा व्यवस्थाएं मुस्तैद रहेंगी।
प्रथम मार्ग: भागूवाला, मण्डावली, नजीबाबाद, कोतवाली देहात, नगीना, धामपुर, शेरकोट, अफजलगढ़, रेहड़ से उधम सिंह नगर।
द्वितीय मार्ग: भागूवाला, मण्डावली, नजीबाबाद, कोतवाली देहात, नगीना, धामपुर से स्योहारा होते हुए मुरादाबाद।
तृतीय मार्ग: भागूवाला, नजीबाबाद, कोतवाली देहात, नहटौर, नूरपुर, शिवाला कला होते हुए अमरोहा।
चतुर्थ मार्ग: भागूवाला, मण्डावली, नागल, चन्दक, मण्डावर, बिजनौर बैराज होकर मीरापुर।
पंचम मार्ग: भागूवाला, मण्डावली, मण्डावर, बिजनौर, हीमपुर दीपा, चान्दपुर, बवनपुरा होकर गजरौला।


