अग्निशमन सेवा स्मृति दिवसः शहीदों को दी श्रद्धांजलि, निकाली जागरूकता रैली
Bijnor News - बिजनौर में अग्निशमन विभाग ने अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस मनाया। फायर स्टेशनों पर दिवंगत कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। जागरूकता रैली में नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के उपायों के बारे में बताया गया। रैली का नेतृत्व एसपी अभिषेक झा ने किया। अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान स्कूलों में प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

बिजनौर। अग्निशमन विभाग द्वारा मंगलवार को अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस मनाया गया। जिले के विभिन्न फायर स्टेशनों पर दिवंगत अग्निशमन कर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। मंगलवार सुबह फायर स्टेशन खेड़की बिजनौर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आरके पांडेय के निर्देशन में परेड का आयोजन किया गया। इसमें दिवंगत अग्निशमन कर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। गौरतलब है कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर एक जहाज में भीषण आग और विस्फोट की घटना में 66 अग्निशमन कर्मी शहीद हो गए थे। उन्हीं की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है।
वहीं, जन जागरुकता रैली निकाली। एसपी कार्यालय से जागरूकता रैली को एसपी अभिषेक झा ने रवाना किया। रैली एसएसओ शीशपाल सिंह के नेतृत्व में फायर स्टेशन से शुरू होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नुमाइश ग्राउंड, जजी चौक, रोडवेज बस स्टैंड, सिविल लाइन, शक्ति चौक, कोतवाली तिराहा, जौनी चौक, झालू रोड काली मंदिर, सेंट मेरी चौराहा, चक्कर चौराहा सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर वापस फायर स्टेशन पर समाप्त हुई।रैली के दौरान विभिन्न चौराहों पर आम नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई तथा पम्पलेट वितरित किए। लोगों को आग से बचाव, प्राथमिक उपचार और आपात स्थिति में सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।इसके साथ ही जिले की तहसील नगीना, नजीबाबाद, चांदपुर और धामपुर में भी रैलियां निकालकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया।सीएफओ आरके पांडेय ने बताया कि अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान जिले के स्कूलों में निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, वहीं बहुमंजिला भवनों में मॉक ड्रिल कराई जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


