Bijnor News: अकराबाद चौराहे से अतिक्रमण हटाने की मांग, किसानों ने सौंपा ज्ञापन
Bijnor News: भारतीय किसान यूनियन टिकैत की बैठक में किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा की गई। अकराबाद चौराहे पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ ज्ञापन सौंपा गया। किसानों ने गुलदारों की समस्या और सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की।

Bijnor News: भारतीय किसान यूनियन टिकैत की बैठक बुधवार को ब्लॉक प्रांगण में आयोजित हुई। इसमें किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई। संगठन की ओर से अकराबाद चौराहे पर बढ़ रहे अतिक्रमण समेत अन्य समस्याओं को लेकर पुलिस उपाधीक्षक नगीना राजेश सोलंकी को ज्ञापन सौंपा गया। बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी बलजीत सिंह ने कहा कि कोतवाली देहात-नजीबाबाद मार्ग स्थित अकराबाद चौराहे पर लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा है। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
किसानों की सुरक्षा
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गुलदारों की समस्या किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। आगामी गन्ना सीजन में खेतों में काम करने वाले किसानों की सुरक्षा के लिए वन विभाग और प्रशासन को ठोस कार्ययोजना बनानी चाहिए। कई गुलदारों के पिंजरे में कैद होने के बावजूद समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
सफाई व्यवस्था पर चर्चा
किसानों ने पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर ग्राम गारवपुर के सामने आवश्यक संकेतक लगवाने तथा गांवों में पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की भी मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि कई गांवों में सफाई व्यवस्था खराब है और जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं।
बैठक का संचालन राहुल चौधरी ने किया। इस दौरान चौधरी विजय सिंह, राजीव चौधरी, रविंद्र राठी, पिंटू प्रधान, महेंद्र सिंह, राजपाल सिंह, शॉवीर सिंह, सचिन प्रधान, फैय्याज, ओमप्रकाश सिंह, धर्मेंद्र, अर्जुन और प्रकट सिंह आदि मौजूद रहे।


