
हम कानून बनाकर रोकेंगे बढ़ती जनसंख्या : प्रवीण तोगड़िया
Bijnor News - अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने देश में बढ़ती जनसंख्या पर चिंता जताते हुए जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग की। उन्होंने कहा कि यह कानून हिंदू समाज की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों के प्रति भी चिंता व्यक्त की।
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने देश में एक वर्ग की बढ़ती आबादी पर चिंता जताते हुए जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की सुरक्षा और भविष्य के लिए यह कानून आवश्यक है। मंगलवार को व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मानव अनुज शर्मा के नुमाइश ग्राउंड के समीप आवास पर मीडिया से वार्ता करते हुए अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि यदि हम डंके की चोट पर राम मंदिर बना सकते हैं तो जनसंख्या नियंत्रण कानून भी जरूर बनेगा। मुझे नरेंद्र मोदी व अमित शाह पर पूरा विश्वास है, जैसे उन्होंने जरूर 370 हटाया वैसे ही वे जनसंख्या नियंत्रण का कानून बना ही देंगे।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद बजरंग दल, महिला परिषद, ओजस्वी सहित चारों संगठनों ने हिंदू समाज के लिए व्यापक स्तर पर काम शुरू किया है। उनका उद्देश्य हिंदू सुरक्षित, समृद्ध और सम्मानित बनाना है। जब तक देश में हिंदुओं का बहुमत है, तब तक उनकी सुरक्षा बनी रहेगी। बिजनौर, सहारनपुर और रामपुर जैसे क्षेत्रों में हिंदू जनसंख्या में गिरावट को उन्होंने गंभीर चिंता का विषय बताया। इस मौके पर राहुल वर्मा, गौरव राघव, प्रशांत चौधरी, विनय चौधरी आदि मौजूद रहे। --- जनसंख्या नियंत्रण कानून का प्रस्ताव डॉ. तोगड़िया ने प्रस्ताव रखा कि कानून लागू होने के एक वर्ष बाद यदि किसी परिवार में तय सीमा से अधिक संतान होती है, तो उसे सरकारी राशन, शिक्षा, इलाज, ऋण और योजनाओं से वंचित किया जाए, साथ ही मतदान अधिकार भी न दिया जाए। ---- स्वास्थ्य और सामाजिक अभियान उन्होंने बताया कि देश में ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिसका कारण गलत खानपान और दिनचर्या है। इसके लिए ‘हिंदू रोग मुक्त रहे’ अभियान शुरू किया जाएगा। साथ ही सस्ती शिक्षा, रोजगार, महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण और किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाने की बात कही। ---- बांग्लादेश के हिंदुओं पर चिंता डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों पर चिंता जताते हुए कहा कि भारत सरकार को उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़ी सैन्य और आर्थिक शक्ति है और जरूरत पड़ने पर कड़ा रुख अपनाया जाना चाहिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




