ओपीडी का लॉक फेल, 20 मिनट तक अंदर रहे मरीज और डॉक्टर
Bijnor News - शनिवार को मेडिकल कॉलेज के नए ओपीडी भवन में अचानक दरवाजे का लॉक खराब हो गया, जिससे डॉक्टर और मरीज 20 मिनट तक फंसे रहे। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनीश शर्मा के साथ मौजूद मरीज घबराए। मेडिकल कॉलेज स्टाफ ने तुरंत मदद की और दरवाजे का लॉक तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

मेडिकल कॉलेज के 200 बेडेड वाले नए भवन में संचालित ओपीडी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ओपीडी के दरवाजे का लॉक अचानक खराब होकर बंद हो गया। इस घटना में डॉक्टर और मरीज करीब 20 मिनट तक ओपीडी के अंदर ही फंसे रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार सुबह लगभग 11 बजे नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनीश शर्मा अपनी ओपीडी में मरीजों की जांच और परामर्श दे रहे थे। इसी दौरान अचानक दरवाजे का लॉक फ्री होकर बंद हो गया। दरवाजा बंद होते ही अंदर मौजूद मरीज और डॉक्टर बाहर नहीं निकल सके, जिससे मरीजों में घबराहट का माहौल बन गया।
ओपीडी के बंद होने की सूचना तुरंत मेडिकल कॉलेज स्टाफ को दी गई। जानकारी मिलते ही कॉलेज मैनेजर डॉ शोभिता अग्रवाल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचीं। काफी प्रयास के बाद भी जब लॉक नहीं खुला, तो स्टाफ ने दरवाजे का लॉक तोड़कर सभी मरीजों और डॉक्टर को सुरक्षित बाहर निकाला। गौरतलब है कि इस भवन में दिसंबर महीने में ही ओपीडी की शुरुआत हुई थी। महज दो महीने के भीतर ही दरवाजे का लॉक खराब हो जाना व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है। डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि लॉक बंद होने से मरीजों को परेशानी हुई थी, हालांकि बाद में स्टाफ की मदद से दरवाजा खोल दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


