
बिजनौर : किरतपुर के बूढ़पुर में शराब के ठेके पर फायरिंग से मचा हड़कंप, हमलावर फरार
Bijnor News - बिजनौर के बूढ़पुर गांव में शराब के ठेके पर दो युवकों ने बिना पैसे शराब न देने पर हंगामा किया और फायरिंग की। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ...
बिजनौर, संवाददाता । थाना किरतपुर क्षेत्र के बूढ़पुर गांव में शनिवार देर शाम शराब के ठेके पर बिना पैसे शराब न देने पर दो युवकों ने जमकर हंगामा किया और फायरिंग कर दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस ने दो के नामजद खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। थाना किरतपुर के गांव बूढ़पुर नैन सिंह स्थित देशी शराब के ठेके पर राजेंद्र पुत्र सतेंद्र सिंह निवासी ग्राम इस्लामपुर वेगा थाना कोतवाली देहात सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं।

शनिवार की देर शाम ग्राम स्वाहैड़ी निवासी अनूप पुत्र सुदे और डब्बल उर्फ आशु पुत्र लाखन ठेके पर पहुंचे। दोनों ने उधार शराब मांगी। जिसपर सेल्समैन ने मना कर दिया। इस पर दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज के साथ मारपीट करने लगे। सेल्समैन राजेंद्र सिंह ने बताया कि जब उन्होंने दुकान का गेट बंद कर लिया तो दोनों युवक धमकी देते हुए वहां से चले गए। लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद फिर मोटरसाइकिल से लौटे और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली दुकान के बाहर से चलायी गई, जिससे मौके पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। दुकान पर मौजूद ग्राहकों और सेल्समैन के साथी जितेंद्र ने पूरी घटना देखी। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही किरतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। सेल्समैन राजेंद्र सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी ग्राम इस्लामपुर वेगा थाना कोतवाली देहात की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों अनूप और डब्बल उर्फ आशु के खिलाफ मारपीट, धमकी और जानलेवा हमला करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ नजीबाबाद नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




