सिविल बार एसोसिएशन : छह-छह माह के अध्यक्ष रहेंगे केके राजपूत और तारा सिंह
Bijnor News - बिजनौर में डिस्ट्रिक्ट सिविल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर कृष्ण कुमार राजपूत और तारा सिंह के बीच टाई रही, दोनों को 33-33 वोट मिले। केके राजपूत को पहले छह महीने के लिए अध्यक्ष चुना...

बिजनौर। डिस्ट्रिक्ट सिविल बार एसोसिएशन बिजनौर के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर देखने को मिली। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार कृष्ण कुमार राजपूत व तारा को बराबर 33-33 मत मिले। गोली प्रक्रिया में केके राजपूत पहले छह माह के लिए अध्यक्ष निर्वाचित किए गए। उपाध्यक्ष पद पर रामपाल सिंह ने मौ. आरिफ को 20 वोटों से हरा दिया। जबकि सचिव पद पर सौरभ रस्तौगी व सहसचिव पद पर विकास कौशिक निविर्रोध निर्वाचित किए गए। सोमवार को भारी बारिश के बीच जजी परिसर स्थित सिविल बार कार्यालय में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ। 69 मतदाताओं में से 66 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद के लिए कृष्ण कुमार राजपूत एवं तारा सिंह के बीच कांटे की टक्कर रही। दोनों उम्मीदवारों को बराबर 33-33 वोट मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद पर रामपाल सिंह को 43 व मौ. आरिफ को 23 मत प्राप्त हुए। रामपाल सिंह को 20 मतों से विजय घोषित किया गया। चुनाव अधिकारी गौरव अग्रवाल ने अध्यक्ष पद हेतु पर्ची डालकर छह-छह माह के लिए अध्यक्ष चुना। जिसमें पहले छह माह के लिए कृष्ण कुमार राजपूत को अध्यक्ष व अंतिम छह माह के लिए तारा सिंह का कार्यकाल निर्धारित किया। सचिव एवं सहसचिव पद पर नामांकन के समय एक-एक नामांकन होने से सौरभ रस्तौगी सचिव एवं विकास कौशिक सहसचिव पद पर विजय घोषित किए गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




