बोले बिजनौर : तालाब बनी सड़कों से गुजरने को लोग मजबूर
Bijnor News - नजीबाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत नंगला हरदास के लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। सड़क, पानी, बिजली, और शौचालय की कमी है। गंदगी और जलभराव से स्वास्थ्य पर खतरा है। आवारा पशुओं की समस्या भी है। लोग नियमित सफाई और सार्वजनिक शौचालय की मांग कर रहे हैं। प्रशासन से समाधान की उम्मीद है।
नजीबाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत नंगला हरदास उर्फ इस्माईलपुर के लोग आज तक मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। ग्राम पंचायत को जाने वाले मार्ग पर आज भी खड़ंजा बिछा हुआ है। नाले के निर्माण कार्य को अधूरा ही छोड़ दिया गया है, जिससे पानी निकासी की समस्या बनी हुई है। सार्वजनिक शौचालय की जरूरत है। यहां कोई आंगनबाड़ी केंद्र भी नहीं बना हुआ है। ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी भी नहीं आते हैं जिससे गंदगी पसरी रहती है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से जलभराव की समस्या है। आवारा कुत्तों और पशुओं से लोग परेशान हैं। जीवन यापन करने के लिए मूल रूप से सभी के सड़क, पानी, बिजली की आवश्यकता है।
ग्राम पंचायत नंगला हरदास उर्फ इस्माईलपुर को लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। चरमराई सफाई एवं पथ प्रकाश व्यवस्था, जलभराव जैसी समस्याओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। ग्राम पंचायत में पार्क और खेल का मैदान नहीं है। ग्राम पंचायत में कोई तालाब नहीं है। लोगों की मांग है कि ग्राम पंचायत में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए। यहां सबसे बड़ी समस्या अधूरे नाले की है। पानी निकासी न होने के चलते ग्राम पंचायत की सड़क तालाब बन जाती है और जिससे बच्चे स्कूल तक नहीं जा पाते हैं। चौराहे, गली व नुक्कड़ पर आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता है। कूड़ा फैला देते हैं और राह चलते लोगों पर भी हमला कर देते हैं। ग्राम पंचायत में लगे कूड़े के अंबार और गंदगी से उठती हुई दुर्गंध, बीमारी को दावत देने के लिए काफी है। मक्खी और मच्छरों से परेशान ग्रामीण लगातार फागिंग किए जाने की मांग करते आ रहे हैं। लोग लगातार अपनी समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाते रहे हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। दुर्गन्ध के कारण परेशान लोग चमन कुमार, संजीव कुमार व विनीत कुमार आदि लोगों की नाराजगी का बड़ा कारण कूड़े के ढेर और प्लाटों में गंदगी से उठने वाली दुर्गन्ध है। जिनसे उठने वाली दुर्गंध आसपास रहने वाले लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है। संक्रामक रोगों का भी खतरा बना हुआ है। सौंदर्यीकरण और बने पार्क सुनील कुमार, दीपक व संयम तोमर आदि का कहना है कि ग्राम पंचायत में साफ सफाई हो और सौन्दर्यकरण भी होना चाहिए। एक सुंदर पार्क के लिए जमीन चिन्हित करके पार्क बनाया जाना चाहिए। पार्क में झूले डाले जाए ताकि बच्चे पार्क का आनंद ले सकें। ग्राम पंचायत के लोग कई बार अधिकारियों से भी मांग कर चुके हैं। सामुदायिक शौचालय बनाया जाए ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय नहीं है। जबकि सार्वजनिक शौचालय होने चाहियें। इससे राहगीरों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि आस पास सामुदायिक शौचालय ग्रामीणों की सुविधा के लिए बहुत जरूरी है खास तौर पर महिलाओं के सामने भारी समस्या है। खड़ंजे के स्थान पर पक्का हो मार्ग ग्राम पंचायत के लोग बिट्टू चौधरी, मोहित तोमर व अस्मित तोमर आदि ने कहा कि कई बार गुहार लगाने के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खड़ंजे के बजाय मार्ग पक्का बनाया जाये। जिससे होकर ग्रामीण प्रतिदिन गुजरते हैं। कोई स्थाई मार्ग नहीं पानी आने पर मार्ग बाधित हो जाता है। मच्छरों से निजात को नियमित हो फॉगिंग लोगों का कहना है कि कई जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जलभराव हो जाता है तो मच्छरों की भरमार होती है और मच्छरों के काटने से डेंगू जैसी बीमारी फैलने का खतरा रहता है। मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए नियमित रूप से फॉगिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। सप्ताह में दो दिन फॉगिंग जरूर होनी चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र पंचायत की ओर से वर्ष 25-26 के अंतर्गत नाला निर्माण कराया गया था जिसका पत्थर भी लगवा दिया गया है। लेकिन नाले का निर्माण काफी समय से अधूरा है। इसके कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती है। सुझाव 1. ग्राम पंचायत में प्रतिदिन सफाई हो, सफाईकर्मी नियमित रूप से आने चाहिए। 2. चोक पड़े नाले व नालियों की तलछठ सफाई होनी चाहिए। 3. आवारा कुत्तों और गोवंश को पकड़ा जाए। 4. सार्वजनिक शौचालय बनाये जाने चाहिये। 5. ग्राम पंचायत में जाने वाले मार्ग पर खड़जे के बजाय पक्का मार्ग बने। शिकायतें 1. सफाई कर्मचारी रोज नहीं आते हैं। जिस कारण गदंगी के ढेर लगे हैं। 2. जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से जलभराव की समस्या है 3. आवारा कुत्तों और पशुओं से परेशान हैं लोग 4. आसपास सार्वजनिक शौचालय नहीं बनाए गए 5. ग्राम पंचायत में जाने वाले मार्ग पर खड़जा बिछा हुआ है --------------------- बोले जिम्मेदार-- ग्राम पंचायत में साफ सफाई तो लगभग रोज ही की जाती है। गांव के लोगों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाता है। गांव में लगभग सभी जगह स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था है। यदि कहीं खराब हो गई है तो वहां पर लगवा दी जाएगी। - कल्पना, ग्राम प्रधान रखी अपनी बात ग्राम पंचायत में सार्वजनिक शौचालय नहीं है, ये हमारे गांव वासियों की सबसे बड़ी समस्या है। खासतौर पर महिलाओं के लिए गांव मे सार्वजनिक शौचालय जरूर बनने चाहिये। - चमन कुमार ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते हैं। जिस कारण जगह गंदगी के ढेर लग जाते हैं। सफाई कर्मचारी रोज आने चाहिए, ताकि स्वच्छता रहे। - संजीव कुमार ग्राम पंचायत में आवारा कुत्ते भी घूम रहे हैं। इनके हमले से बच्चों से लेकर महिलाओं तक में दहशत का माहौल है। आवारा कुत्तों को पकड़कर जंगलों में छोड़ा जाए। इस समस्या पर विशेष ध्यान दिया जाए। - विनीत कुमार ग्राम पंचायत में कोई भी सार्वजनिक शौचालय नहीं बना हुआ है, पंचायत घर या बरातघर भी नहीं बनवाया गया है। सार्वजनिक शौचालय के बिना सबसे अधिक महिलाओं को परेशानी है। - सुनील कुमार कूड़े के ढेर के कारण संक्रामक बीमारी का खतरा बढ़ रहा है। कई बार समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन अभी कोई कार्रवाई नहीं की है। - दीपक कुमार ग्राम पंचायत में आने वाले रास्ते पर आज भी खड़ंजा बिछा है। एसडीएम, विधायक, ब्लॉक प्रमुख व ग्राम प्रधान सभी से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। - संयम तोमर सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो, गांव में शौचालय और पार्क बनाया जाए। गांव मे आने वाले मार्ग को पक्का बनाया जाए, लोगों को काफी राहत मिल सकेगी। - बिट्टू चौधरी बरसात में जगह-जगह टूटी सड़क में जलभराव हो जाता है। जिसके चलते लोगों को परेशानी होती है। ग्राम पंचायत से आना-जाना भी बंद हो जाता है। गांव की बदहाल स्थिति में जीना मुहाल हो गया है। - मोहित तोमर पंचायत में नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं होती है। जहां सफाईकमी झाडू लगाते हैं। वहां से कूड़ा भी नहीं उठाते। जगह-जगह गंदगी जमा रहती है। नियमित रूप से कूड़ा उठवाया जाना चाहिए। - अस्मित तोमर ग्राम पंचायत में मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। गांव मे खेल के मैदान की आवश्यकता है। खडंजे के मार्ग को पक्का करने और नाला निर्माण के लिए लगातार मांग उठाई जा रही है। - संघर्ष तोमर आवारा गोवंश और कुत्तों से निजात दिलाई जाए। पंचायत में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कुत्ते के हमले से लोगों में डर का माहौल है। - राजबहादुर सिंह पंचायत की बदहाल स्थिति है, रास्तों में पानी भरा है खंबो पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। गंदगी के कारण गांव वासियों का जीना मुहाल हो गया है। - राजेंद्र सिंह बच्चों के लिए गांव में खेल का मैदान नहीं है, सार्वजनिक शौचालय बनाया जाये और आंगनबाड़ी केंद्र भी खुलना जरूरी है। सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो। - दलवीर सिंह आवारा पशुओं पर रोक लगाने की जरूरत है। जगह-जगह गंदगी के ढेर में आवारा पशु मुह डालते हैं और कूड़ा इधर-उधर बिखर जाता है जिसकी सफाई नहीं होती। - सत्यम तोमर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




