Hindi NewsUP NewsBig accident with the three daughters of Kripal Maharaj of Prem Mandir Mathura one dead two injured
मथुरा के प्रेम मंदिर वाले कृपालु महाराज की तीनों बेटियों के साथ बड़ा हादसा, कार पर पलटा कैंटर, एक की मौत, दो घायल

मथुरा के प्रेम मंदिर वाले कृपालु महाराज की तीनों बेटियों के साथ बड़ा हादसा, कार पर पलटा कैंटर, एक की मौत, दो घायल

संक्षेप:

प्रतापगढ़ में कुंडा के भक्ति धाम मनगढ़ के संस्थापक और मथुरा के प्रेम मंदिर वाले जगदगुरु कृपालु महाराज की तीनों बेटियों के साथ बड़ा हादसा हुआ है। दिल्ली जाते समय यमुना एक्सप्रेसवे पर उनकी कार पर कैंटर ओवरटेक करते समय पलट गया।

Sun, 24 Nov 2024 06:34 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, प्रतापगढ़
share Share
Follow Us on

प्रतापगढ़ में कुंडा के भक्ति धाम मनगढ़ के संस्थापक और मथुरा के प्रेम मंदिर वाले जगदगुरु कृपालु महाराज की तीनों बेटियों के साथ बड़ा हादसा हुआ है। दिल्ली जाते समय यमुना एक्सप्रेसवे पर उनकी कार पर कैंटर ओवरटेक करते समय पलट गया। इससे कार में सवार जगदगुरु की सबसे बड़ी बेटी विशाखा त्रिपाठी की मौत हो गई। दोनों अन्य बेटियां कृष्णा और श्यामा घायल हैं। इसके चार अन्य लोग भी घायल हैं। सभी को दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल ले जाया गया है। हादसे की जानकारी कुंडा के मनगढ़ आश्रम पहुंचने पर शोक की लहर दौड़ गई। मनगढ़ में तीन दिन का शोक घोषित कर दिया गया है। विशाखा का पार्थिव शरीर आज शाम 4 बजे वृंदावन के प्रेममंदिर लाया जाएगा। इसके बाद अनुयायियों के दर्शनार्थ रखा जाएगा। सोमवार को यमुना तट पर अंतिम संस्कार होगा। कृपालु महाराज का निधन भी हादसे में हुआ था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कुंडा के भक्ति धाम मनगढ़ के संस्थापक जगदगुरु कृपालु महाराज की तीनों बेटियां भक्ति धाम कृपालु परिषद की अध्यक्ष 72 वर्षीय डॉ. विशाखा त्रिपाठी, 68 वर्षीय डॉ. कृष्णा त्रिपाठी और 66 वर्षीय डॉ. श्यामा त्रिपाठी शनिवार रात दो गाड़ियों से दिल्ली जा रही थीं। आगे वाली गाड़ी में विशाखा के साथ वृंदावन के व्यवस्थापक संजय और महिला सेवादार थी। व्यवस्थापक संजय ही गाड़ी चला रहे थे। पीछे वाली गाड़ी में कृष्णा और श्यामा थीं। गाड़ी को सेवादार दीपक चला रहे थे। आगरा से आगे यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में रात करीब 3:00 बजे पीछे से आए एक कैंटर ने दोनों गाड़ियों को ओवरटेक किया और अचानक अनियंत्रित होकर पहली गाड़ी पर पलट गया। इसी बीच पीछे से आ रही दूसरी गाड़ी उसी में घुस गई।

कृपालु महाराज की बेटियों संग हादसा

आसपास के लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को दोनों गाड़ियों से बाहर निकाला और दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल ले गई। वहां विशाखा त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी होते ही मनगढ़ के भक्ति धाम में शोक की दौड़ गई। मनगढ़ में 3 दिन का शोक घोषित किया गया है। डॉ. विशाखा का अंतिम संस्कार वृन्दावन में किया जाएगा।

तीनों बेटियां अविवाहित

कृपालु महाराज की तीनों बेटियां हीं प्रतापगढ़ का मनगढ़ ट्रस्ट, वृंदावन ट्रस्ट और बरसाना ट्रस्ट की जिम्मेदारी संभालती हैं। तीनों बेटियों ने शादी नहीं की। विशाखा, श्यामा और कृष्णा ने वृंदावन, आगरा और प्रयागराज से पढ़ाई की। विशाखा ने कला से, श्यामा ने संस्कृत भाषा और कृष्णा त्रिपाठी ने साहित्य से पीएचडी की। विशाखा त्रिपाठी कृपालु महाराज के साथ अमेरिका भी गईं थीं। कृपालु महाराज के ट्रस्ट द्वारा कई विद्यालय, अस्पताल, अनाथालय और गौशालाएं भी संचालित होती हैं।

तीनों बहनें अध्यात्म और वैराग्य में लीन

मथुरा। विशाखा, श्यामा और कृ्ष्णा तीनों बहनों ने वैराग्य ले लिया था। तीनों बहने ब्रह्ममुहूर्त में पूजा अर्चना के बाद नाश्ता और फिर ऑनलाइन देश-विदेश के ट्रस्ट के संचालन की समीक्षा करती। आश्रम में गतिविधि सुबह 4 बजे से शुरू होती है। अस्पताल, अनाथाश्रम और अन्य संस्थानों की गतिविधियों का लेखा-जोखा रखतीं थीं।

कृपाली महाराज की बेटियों संग हादसा

कृपालु महाराज की भी हादसे में हुई थी मौत

करीब 15 साल पहले कृपालु महाराज की भी एक हादसे में ही मौत हुई थी। 13 नवंबर 2013 को 91 वर्ष की उम्र में कृपालु जी महाराज ने अंतिम सांस ली थी। प्रतापगढ़ के आश्रम में फिसलने के कारण उनके सिर चोट आई थी, जिसके बाद वे कोमा में चले गए थे। इसके बाद उन्हें गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका निधन हो गया। देश में कई जगद्गुरु हुए लेकिन जगद्गुरुत्तम की उपाधि केवल कृपालु जी महाराज को ही मिली है। जगद्गुरु कृपालु जी महाराज पहले ऐसे गुरु हैं, जिनका कोई शिष्य नहीं है लेकिन लाखों अनुयायी हैं। कृपालु जी महाराज का जन्म 06 अक्टूबर 1922 को प्रतापगढ़ के मनगढ़ में हुआ था।

कृपाजी जी महाराज ने हाई स्कूल से 7वीं तक की परीक्षा उत्तीर्ण की और इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए मध्य प्रदेश चले गए। 14 वर्ष की आयु में इन्होंने तृप्त ज्ञान को प्राप्त कर लिया। इसके बाद इनका विवाह हो गया और गृहस्थ जीवन बिताने लगे। कृपालु जी महाराज की पांच संतान हैं, जिसमें दो बेटे घनश्याम और बालकृष्ण त्रिपाठी और तीन बेटियां विशाखा, श्यामा और कृष्णा हैं। हादसे में अब विशाखा की मौत हो गई। दो अन्य बेटियां घायल हैं।