कारसेवकों पर गोली चलाने वाले आज राम मंदिर पर सवाल उठा रहे, चढ़ावा विवाद पर भूपेंद्र चौधरी का सपा पर तंज
यूपी सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने राम मंदिर में चढ़ावा हेरफेर को लेकर सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने हमेशा हिंदू देवी-देवताओं, मठों, मंदिरों और सनातन का अपमान किया है। सपा सरकार में कारसेवकों पर गोलियां चलाई गईं। वे आज किस मुंह से राम मंदिर के चंदे की बात कर रहे हैं?

Ram Mandir Aoyodha: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने राम मंदिर में चढ़ावा हेरफेर को लेकर समाजवादी पार्टी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि सपा ने हमेशा हिंदू देवी-देवताओं, मठों, मंदिरों और सनातन का अपमान किया है। उनकी सरकार में कैसे निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलाई गईं। इन्होंने लगातार भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण को रोकने की कोशिश की। उन्हें मंदिर और उसमें लोगों की आस्था पच नहीं रही, इसलिए वे बेवजह आरोप लगा रहे हैं। वे आज किस मुंह से राम मंदिर के चंदे की बात कर रहे हैं?
भूपेंद्र चौधरी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'हिंदू देवी देवताओं, मठ, मंदिरों, साधु संतों को और सनातन को अपमानित करने का काम समाजवादी पार्टी ने किया है। आप सब लोग जानते हैं पूरा देश प्रदेश जानता है कि किस प्रकार से सपा की सरकार में निहत्थे कार्य सेवकों पर गोली चलाई गई। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने लगातार यह प्रयास किया कि चाहे माननीय न्यायालय के माध्यम हो या अन्य अनेकों प्रकार से कि भगवान श्री राम का मंदिर न बने। लेकिन उन्हें मंदिर और मंदिर के प्रति लोगों की जो आस्था है वह कहीं ना कहीं पच नहीं रही। वह उसे स्वीकार नहीं कर पा रहे और इसी कारण वह अनावश्यक रूप से इस प्रकार के आरोप लगा रहे हैं।'
उन्होंने आगे कहा कि न्होंने कभी दरगाहों और मस्जिदों के चंदे की बात नहीं की, वे आज किस मुंह से राम मंदिर के चंदे की बात कर रहे हैं? मुख्यमंत्री ने इसका संज्ञान लिया है, SIT जांच कर रही है। इसकी रिपोर्ट जल्द आएगी। विश्वास है जल्दी रिपोर्ट आएगी और दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।'
सच छुपाने के लिए जांच में जानबूझकर देर कर रही है भाजपा
उधर, अखिलेश यादव ने कहा है कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सच छुपाने के लिए अयोध्या के राम मंदिर में दिए गए दान और चढ़ावे में हुई कथित हेराफेरी की एसआईटी जांच में जानबूझकर देर कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र कन्नौज के एक दिन के दौरे के दौरान कहा कि राम मंदिर में हुए चढ़ावा घोटाले की जांच को भाजपा सरकार जानबूझकर लंबा खींच रही है, ताकि सच को छुपाया जा सके। एसआईटी जांच में देर की जा रही है ताकि सच सामने न आए।'
यादव ने रविवार को एक एक पोस्ट में मामले की जांच पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि अधिकारी सुबूत मिटाने के लिए बेजा समय ले रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘एसआईटी ध्यान रखे… कहीं जांच की रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए। फिर कहेंगे 15 दिन और इंतजार कर लो। दिन इसलिए बढ़ा रहे हैं, क्योंकि सबूत ठिकाने लगा रहे हैं।'


