पंजाब से मजदूर का शव गांव पहुंचने पर मचा कोहराम
Bhadoni News - जिगना, मिर्जापुर। मजदूर अरविंद कुमार की पंजाब में ड्यूटी के दौरान लोडर के नीचे दबकर मौत हो गई। शव को एंबुलेंस से पैतृक निवास लाया गया, जहां परिजनों में कोहराम मच गया। कंपनी ने मृतक की पत्नी को चार लाख का पीएफ और पांच हजार प्रति माह पेंशन देने का आश्वासन दिया।
जिगना, मिर्जापुर । विंध्याचल थाना क्षेत्र के कोलाही गाँव निवासी मजदूर का शव पंजाब से एंबुलेंस से शनिवार को पैतृक निवास पर पहुंचा l शव को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बीते 14 मई को पंजाब प्रांत के संगरूर जिले के सोनाम थाना क्षेत्र के अकाल गढ़ में असीमा पेपर कंपनी प्रा० लि० में ड्यूटी के दौरान लोडर के नीचे दबकर अरविंद की मौत हो गई थी।
मृतक का कार्यकाल
गाँव निवासी 40 वर्षीय अरविंद कुमार बिंद पुत्र रामपति बीते आठ वर्षों से पंजाब प्रांत के संगरूर जिले में एक पेपर कंपनी में काम करते थे। बड़े भाई राजेश कुमार बिंद ने पूर्व प्रधान विनोद यादव के साथ संगरूर में कंपनी परिसर में पहुंचकर मौत के कारणों की साथी वर्करों से पूछताछ कर जानकारी हासिल किया। इसके पहले कंपनी मालिक की सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। ताकि मौत के कारणों का खुलासा हो सके।
कंपनी का आश्वासन
पूर्व प्रधान विनोद यादव ने बताया कि कंपनी के डाइरेक्टर अरुण शर्मा ने मृत मजदूर की पत्नी फुलवासी के बैंक खाते में पीएफ का चार लाख भेजने तथा पांच हजार प्रति माह पेंशन देने का आश्वासन दिया। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह दो बेटियों 17 वर्षीय काजल और 15 वर्षीय ज्योति व दस वर्षीय विजय का पिता था। पत्नी बच्चे गाँव में ही रहते थे। भाई विजय शंकर ने बताया कि वह डेढ़ वर्ष पहले गाँव आए थे। पेपर कंपनी में काम कर परिवार का भरण पोषण करते थे। मजदूर की मौत को लेकर जहाँ एक ओर पत्नी- बच्चे व परिवार के लोग बिलखते रहे,वहीं गाँव का माहौल गमगीन हो गया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


