घना कोहरा और सर्द हवा से 5.8 डिग्री लुढ़का तापमान
Jan 08, 2026 11:18 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भदोही
Bhadoni News - घना कोहरा और सर्द हवा से 5.8 डिग्री लुढ़का तापमान कोहरा और सर्द हवा से 5.8 डिग्री लुढ़का तापमान कोहरा और सर्द हवा से 5.8 डिग्री लुढ़का तापमान
ज्ञानपुर, संवाददाता। कालीन नगरी में ठंड और शीतलहर से लोग बेहाल हैं। नए वर्ष के हर बीतने दिन के साथ ही जिले का तापमान भी गिर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार वर्ष 2026 का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ। सर्द हवा से दिन का तापमान 14.5 तो रात का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन जिलेवासियों को नहीं हो सके। घना कोहरा और सर्द हवा के बीच बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ जा रहा था। सार्वजनिक स्थलों पर ठंड से लोग कंपकंपी भरते नजर आए। शीत से बचाव के लिए लोग घर में ही कैद रहे। ठंड से राहत पाने के लिए अलाव से चिपके रहे। कड़ाके की ठंड से हर तबका हैरान नजर आया।
मौसम विभाग की माने तो सात किमी प्रति घंटा की दर से पछुआ हवा चला। गुरुवार सुबह घने कोहरे से बच्चे-वृद्ध आठ बजे तक बिस्तर में दुबके रहे। कड़ाके की ठंड से राहत पाने को लोग अलाव का सहारा लेते रहे। घर से बाहर निकले बाइक सवारों का हाथ-पैर ठंड से सुन्न पड़ जा रहा था। कालीन नगरी काफी दिनों से शीतलहर की चपेट में आ गई है। दोपहर में दो बजते ही शाम जैसा माहौल बन गया था। उधर, शाम होते ही ठंड के कहर से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव का सहारा लेते नजर आए। सुबह का आगाज घना कोहरा से हुआ। कोहरा के चलते दस बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग समेत प्रमुख सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। दिन चढ़ने के साथ ही सूर्यदेव के बादलों से निकलने की उम्मीद भी धूमिल होती गई। दोपहर में हल्का सा धूप खिला फिर सूर्यदेव मेघ में जाकर छिप गए। ठंड की सितम से गरीबों और असहायों की और दिक्कत बढ़ गई है।
आलू फसल में बढ़ा पाला लगने का खतरा
ज्ञानपुर। घना कोहरा संग आसमान में मेघ का कब्जा होने से आलू फसल में पाला लगने का खतरा बढ़ गया है। कृषि विशेषज्ञों की माने तो शीतलहरी के मौसम में आलू पर झुलसा रोग का संकट मंडराने लगा है। आलू के अच्छे उत्पादन के लिए झुलसा पर नियंत्रण जरूरी है। इस समय अगैती, पिछैती आलू की फसल में झुलसा रोग लगने की आशंका है। इसलिए आलू उत्पादकों को सलाह है कि वह जिक, मैंगनीज, कार्बोंनेट 2.0 से 2.5 किग्रा को 800-1000 लीटर पानी या मैकोजैब 2.5 किग्रा 800 से 1000 लीटर पानी में घोल बनाकर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें।
कम हुई सुबह घुमने वालों की संख्या
ज्ञानपुर। कड़ाके की ठंड में सुबह घुमने वालों की संख्या काफी कम हो गई है। सुबह चल रही बर्फीली हवा से लोग घरों में दुबके रह जा रहे हैं। सुबह आफिस निलने वालों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी से चल रही ठंडी हवा ने गरीब व असहायों की परेशानी बढ़ा दी है। ठंड का असर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। शाम साढ़े छह बजते ही बाजारों से भीड़ अचानक गायब हो जा रही है।
पर्याप्त अलाव जलवाने की उठी मांग
ज्ञानपुर। नगर पंचायत ज्ञानपुर की तरफ से पर्याप्त मात्रा में अलाव न जलाए जाने से नागरिकों में रोष बढ़ता जा रहा है। कड़ाके की ठंड में चयनित स्थनों पर ही अलाव जलाया जा रहा है। ऐसे में नाराज नागरिकों ने पुरानी बाजार, गोपियापुर, कुंवरगंज व पुरानी तहसील, नई तहसील के पास अलाव जलवाने की मांग की। पर्याप्त अलाव न जलने से लोगों को अत्यधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
ठंड में लकड़ी-कोयले की बढ़ी मांग
ज्ञानपुर। ठंड में इजाफा होते ही लकड़ी व कोयले की मांग बढ़ गई है। वृद्धों व बच्चों को शीत से बचाव के लिए घर में अंगेठी जलाने के लिए कोयला व लकड़ी का उपयोग होने लगा है। सुबह-शाम अंगेठी के पास बैठकर ठंड से राहत महशूस कर रहे हैं। वहीं, लकड़ी जलाकर पानी भी गर्म किया जा रहा है। ऐसे में नगरीय इलाकें में लकड़ी की मांग बढ़ गई है। वहीं, जरूरत के अनुसार लोग कोयला भी क्रय कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


