
आम आदमी की थाली से गायब हुई पौष्टिक हरी सब्जियां
Bhadoni News - भदोही में हरी सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। मांगलिक कार्यक्रमों और फसल बर्बादी के कारण सब्जियों की कीमतों में 10 से 30 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। आम आदमी पौष्टिक भोजन नहीं खरीद पा रहा है, और परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। किसानों का कहना है कि दिसंबर में सब्जियां तैयार होंगी, जिससे दामों में कमी आ सकती है।
भदोही, संवाददाता।हरी सब्जियों के दामों में इन दिनों आग लगी है। इसके कारण आम आदमी की थाली से पौष्टिक सब्जियां गायब हैं। इन दिनों मांगलिक कार्यक्रमों के धूम के कारण भी मांग ज्यादा और उत्पादन कम होने से रेट सातवें आसमान पर है। लोगों ने घरों की रसोईं का बजट बिगड़ने पर बजट में कटौती शुरू कर दी है। किसान लालचंद्र मौर्या, अमृत कुमार यादव, राम नगीना पांडेय, ज्ञान प्रकाश प्रजापति ने बताया कि सितंबर माह के दूसरे पखवाड़े एवं अक्तूबर माह में सब्जियों की खेती की जाती है। जो नवंबर और दिसंबर के साथ ही आगामी साल जनवरी, फरवरी तक बना रहता है।
गत माह हुई तूफानी बरसात के कारण फसलें बर्बाद हो गईं। बैगन, हरी मिर्च, टमाटर, गोभी, पत्ता गोभी समेत सभी सब्जियों को अब दोबारा लगाया गया है। मेहनत और पैसा दोनों बर्बाद हो गया। जिला प्रशासन एवं सरकार का फोकस केवल धान समेत अन्य खरीफ फसलों पर है। सब्जियों के भी हुए नुकसान की भरपाई होनी चाहिए। पिछले 15 दिनों की अपेक्षा सब्जी के थोक और फुटकर भाव में 10 रुपये से लेकर 30 रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है। जहां सौ रुपये की सब्जी में झोला भर जाता था, वहीं अब सौ रुपये में पॉलिथिन भी नहीं भर पा रही है। बुधवार को भदोही शहर में सब्जी खरीदने पहुंची रेखा देवी ने बताया कि मूली, टमाटर यहां तक कि कद्दू के दाम सुनने के बाद इरादा बदल दिया। अब केवल दाल का ही सेवन किया जा रहा है। वह भी काफी महंगी है। बच्चों को पौष्टिक भोजन खिलाना मुश्किल हो गया है। दूध, दाल, सब्जी सभी के दामों में आग लगी है। आम आदमी एक दिन में तीन से चार सौ रुपये ही कमा रहा है। ऐसे में उसका परिवार कैसे चलेगा। उधर , किसानों का कहना है कि दिसंबर माह में ही अब बोई गई सब्जियां तैयार होंगी, जिसके बाद दामों में कमी आ सकती है। इतने रुपये किलो बिक रही हैं सब्जियां भदोही। ज्ञानपुर के सब्जी विक्रेता ओमप्रकाश मौर्य ने बताया की नई आलू ₹50 रुपये किलो, पुरानी आलू 25 रुपये किलो में बिक रही है। इसी तरह टमाटर 50 रुपये, प्याज 30 रुपये, लहसुन सौ, हरा धनिया ₹दो सौ रुपया, अदरक सो रुपये, हरी मटर 260 रुपए किलो बिक रही है। गोभी ₹40 रुपये पीस, बैगन ₹40, पालक ₹80, मेथी ₹80, हरा लहसुन ₹दो सौ रुपये, कद्दू 40 रुपये एवं मूली 50 रुपये किलो बिक रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




