
सक्षम के शतक और सैफ की घातक गेंदबाजी से रायबरेली अगले दौर में
Bhadoni News - सुरियावां में चल रही तेजधर ब्रह्मबाबा क्रिकेट प्रतियोगिता में रायबरेली की टीम ने कालीचरण क्रिकेट एकेडमी वाराणसी को हराया। रायबरेली ने 186 रन का विशाल स्कोर बनाया, जिसमें सक्षम सिंह ने 114 रन की नाबाद पारी खेली। वाराणसी की टीम 57 रन पर सिमट गई। अगले मुकाबले में शासन एकादश और आज़ाद स्पोर्ट क्लब जूनियर के बीच खेला गया।
सुरियावां, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के महर्षि आज़ाद स्टेडियम मेढ़ी में चल रहे तेजधर ब्रह्मबाबा राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में सातवें दिन शनिवार को खेले गए। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रायबरेली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कालीचरण क्रिकेट एकेडमी वाराणसी को करारी शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रायबरेली की टीम ने 18 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 186 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। रायबरेली के विकेटकीपर बल्लेबाज सक्षम सिंह ने आक्रामक अंदाज़ में 59 गेंदों पर 114 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली। जिसमें 16 चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
जॉनसन चौहान ने 43 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। वाराणसी की ओर से अक्षय गुप्ता ने दो तथा ओम प्रकाश ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कालीचरण क्रिकेट एकेडमी वाराणसी की टीम रायबरेली के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और मात्र 10 ओवर में 57 रन पर सिमट गई। वाराणसी की ओर से अक्षय गुप्ता ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। रायबरेली की तरफ से मो. सैफ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि अश्वनी दुबे ने दो विकेट लेकर बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला शासन एकादश और आज़ाद स्पोर्ट क्लब जूनियर के बीच मैत्री मैच के रूप में खेला गया। इसमें शासन एकादश के कप्तान एवं भाजपा भदोही जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम को 12 ओवर में 5 विकेट पर 85 रन तक पहुंचाया। जवाब में आज़ाद स्पोर्ट क्लब जूनियर की टीम ने एक ओवर शेष रहते हुए पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शासन एकादश के कप्तान दीपक मिश्रा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता के चीफ ऑर्गेनाइज़र प्रतीक महर्षि दुबे ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया। आयोजन समिति के अनुसार सोमवार को प्रतियोगिता का अगला मुकाबला पटना बनाम आज़ाद जूनियर तथा दूसरा मैच गाजियाबाद बनाम चंदौली के बीच खेला जाएगा। मैच देखने वाले दर्शकों की भीड़ मैदान में उमड़ी रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




