नौकरी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा अधेड़

Feb 28, 2026 12:32 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भदोही
share Share
Follow Us on

Bhadoni News - भदोही में एक अधेड़ व्यक्ति ने नौकरी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह 18 वर्षों से सफाईकर्मी की नौकरी के लिए आवेदन कर रहा था। अधिकारियों ने उसे मनाने की कोशिश की और अंततः उसे नौकरी मिलने का आश्वासन देकर नीचे उतारा। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।

नौकरी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा अधेड़

भदोही, संवाददाता। नौकरी की मांग को लेकर अधेड़ शुक्रवार को मुख्यालय स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इसके चलते क्षेत्र में अफरा-तफरी का आलम रहा। अफसरों के समझाने के बाद अधेड़ नीचे उतरा। भदोही कोतवाली के करियांव बाजार, मोढ़ पूरेदयालपुर गांव निवासी 55 वर्षीय पंधारी कन्नौजिया ने वर्ष 2008 में निकली सफाईकर्मी पद के भर्ती को आवेदन किया था। 18 वर्षों से अन्य आवेदकों की तरह वे भी आंदोलन और नौकरी की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर शुक्रवार दोपहर में वह जिला मुख्यालय नजारत, कोषागार कार्यालय स्थित बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर चढ़ गए। कुछ देर बाद जब लोगों की नजर उन पर पड़ी तो वहां पर भीड़ एकत्रित हो गई।

जानकारी मिलते ही अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्या, एसडीएम शिव प्रकाश यादव और ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस अधेड़ को मनाने में जुट गई लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि अन्य जनपदों के लोगों को सफाईकर्मी पद पर रखा जा रहा है जबकि जिले में 18 वर्षों से नौकरी की मांग करने वाले आवेदकों को अनदेखा किया जा रहा है। नौकरी मिलने के आश्वासन पर ही नीचे उतरने की बात कही। तीन बजे अफसरों के मनाने पर वह नीचे उतरे। पुलिस प्रशासन के साथ ही जिला मुख्यालय स्थित अफसरों ने राहत की सांस ली। दर्ज होगा मुकदमा:एसपी भदोही। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मोबाइल टावर पर चढ़ा अधेड़ दोपहर तीन बजे नीचे उतर गया। उसकी उम्र को देखते हुए हिरासत में नहीं लिया गया, लेकिन उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। किसी भी व्यक्ति की ओर से कानून के साथ मजाक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वर्षों से लड़ रहे हैं हक की लड़ाई भदोही। पूर्व की बसपा सरकार में सूबे में सफाईकर्मियों को गांवों में तैनात करने के लिए भर्ती निकाली गई थी। उस दौरान जिले के युवाओं ने भी बड़ी संख्या में आवेदन किया था। मामला कोर्ट में चला गया था, उसके बाद दोबारा आवेदन मांगे गए थे, लेकिन मामला आज भी अधर में लटका है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले में आने पर सफाईकर्मियों को नौकरी पर रखने का संबंधित अफसरों को निर्देश दिया था। आंदोलन की अगुवाई करने वाले दिव्या पाठक ने कहा कि जिले के अफसरों ने सीएम की बातों को अनसुना करके दूसरे जिले के सफाईकर्मियों को यहां पर रखने का प्लान बनाया है जबकि 18 वर्षों से आवेदक नौकरी की मांग को लेकर आंदोलन, धरना, प्रदर्शन एवं मांग कर रहे हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।