होली: बाजारों में उमड़ा ग्राहकों का रेला, जमकर खरीदारी

Mar 03, 2026 05:43 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भदोही
share

Bhadoni News - भदोही में होली का उत्साह मंगलवार शाम को बाजारों में देखने को मिला। देर रात तक खरीदारी जारी रही, जबकि चंद्रग्रहण के कारण रंगों की होली बुधवार को खेली जाएगी। बाजारों में पिचकारियों, रंगों और मिठाइयों की धूम थी। इस बार की खरीदारी में भीड़ अधिक थी और महंगाई का असर नजर नहीं आया।

होली: बाजारों में उमड़ा ग्राहकों का रेला, जमकर खरीदारी
भदोही, संवाददाता। होली का उत्साह मंगलवार शाम बाजारों में खूब दिखा। देर रात तक दुकानों पर खरीदारी चलती रही तो वहीं कई होलिकाओं में पूजन अर्चन करते परिवार के लोग दिखे। मंगलवार को लगने वाले चंद्रग्रहण के कारण रंगों की होली तो बुधवार को खेली जाएगी लेकिन मंगलवार को भी चेहरे चटख गुलाबी और सतरंगी अबीरों से सजे दिखे। रंग-बिरंगी पिचकारी दुकानों पर देखकर बच्चे खूब उत्साहित है। वहीं, महिलाएं घर पर पकवाने बनाने में व्यस्त हैं। आलम यह रहा कि मंगलवार को दोपहर बाद बाजारों पांव रखने का स्थान नहीं था। महंगाई, मंदी सब बेअसर नजर आए। सर्वाधिक भीड़ शराब की दुकानों पर नजर आई। जिले के गांव में बुजुर्ग फगुआ गीतों को गा रहे हैं। वहीं, शहरों में डीजे फ्लोर पर भोजपुरी और होली गीत गाने का रिहर्सल कर रहे हैं। बाजार में 10 से तीन सौ रुपये तक के पिचकारी बिक रही हैं। शहर के साथ ही ज्ञानपुर, चौरी, सुरियावां, जंगीगंज, गोपीगंज, महराजगंज, औराई, बाबूसराय, ऊंज, मोढ़ आदि बाजारों में मंगलवार को 10 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक ग्राहकों का रेला उमड़ा। खोवा चार सौ रुपये किलो तक बिक गया। लोगों ने मिष्ठान, गोछिया, खोवा, दूध, पनीर, भांग, अबीर-गुलाल, रंगों आदि की जमकर खरीदारी की। शाम होते दुकानें पर सामान कम पड़ गए। बाजारों में इस साल सबसे अधिक आर्टिफिशियल बाल, मुखौटों, जिंगालाला और मलिंगा बाल युवाओं को खूब पसंद आ रहे हैं। त्योहारी खरीदारी के लिए बाजारों में चहल पहल तेज रही। मुखौटे की कीमत 20 से 50 रुपये तक है। 150 से 250 रुपये तक की टी-शर्ट बिक रही है। ज्ञानपुर बाजार के दुकानदार मुकेश कुमार ने बताया कि दुकानों पर भीड़ इस बार अधिक है। जिंगालाला स्टाइल के बाल कई रंगों में उपलब्ध हैं। यह लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इसकी कीमत 100 से 300 रुपये तक है। इसके अलावा पिचकारियों में बंदूक, टमाटर, गन, गाजर, वाटर गन, बैकपक टैंक, स्पंज आदि पिचकारियों से बाजार सजे हैं। बाजार में हर्बल के साथ केमिकल युक्त रंग बिक रहा है। अबीर-गुलाल की भी मांग अधिक है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।