सहायक उपकरण मिलते ही दिव्यांग बच्चों का खिला चेहरा
Bhadoni News - ज्ञानपुर में समग्र शिक्षा अभियान के तहत 75 दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। डीएम शैलेश कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें उचित संसाधन प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस पहल से बच्चों के जीवन में सुधार होगा और वे शिक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
ज्ञानपुर, संवाददाता। सुशासन सप्ताह के तहत समग्र शिक्षा अभियान (समेकित शिक्षा) के तहत ब्लॉक संसाधन केंद्र घोसिया में सहायक उपकरण वितरण का आयेाजन हुआ। इसमें डीएम शैलेश कुमार, सीडीओ बाल गोविंद शुक्ल एवं बीएसए शिवम पांडेय द्वारा कुल 75 दिव्यांग बच्चों में सहायक उपकरण का वितरण हुआ। दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान डीएम ने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्हें उचित संसाधन और सहयोग प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इन उपकरणों की मदद से उनके दैनिक जीवन की बाधाएं कम होंगी और वे शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

पूर्व से चिन्हित कुल 75 दिव्यांग बच्चों में कुल 85 सहायक उपकरण वितरित किया गया। इन बच्चों का चयन पूर्व में आयोजित मेजरमेंट कैंप (मापन शिविर) में एलिम्को कानपुर के विशेषज्ञों द्वारा किया गया था। कुल 75 दिव्यांग बच्चों को उपकरण प्रदान किए गए, जिनमें समग्र शिक्षा अभियान के 71 और पीएम श्री योजना के चार बच्चे शामिल रहे। अधिकारियों द्वारा 30 टीएलएम किट, 12 कै्रचच, एक वाकिंग स्टीक, 15 व्हील चेयर, 12 ट्राईसाइकिल, चार रोलेटर, तीन सीपी चेयर एवं आठ हियरिंग ऐड समेत कुुल 85 उपकरण दिव्यांग बच्चों में वितरित किया गया। नए उपकरण पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। अभिभावकों ने उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के दिव्यांग बच्चों को नया जीवन मिलता है। उपकरण वितरण के साथ-साथ उनके सही रख-रखाव और उपयोग के प्रति भी जागरूकता दिखाई गई। एलिम्को कानपुर से आए विशेषज्ञ रामानंद,अनु रानी और महावीर, डीसी समेकित रश्मि मिश्रा, फिजियोथैरेपिस्ट जेपी सिंह तथा स्पेशल एजुकेटर्स द्वारा अभिभावकों को बताया कि इन आधुनिक उपकरणों का उपयोग कैसे करना है ताकि बच्चों को अधिकतम सुविधा मिल सके। इस मौके पर बीईओ शालिनी श्रीवास्तव, डीसी एमडीएम सौरभ सिंह, संतोष सिंह, डॉ. मानिक चंद आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




