15 दिन में मार्ग पर फिर टूटा नाले का चेंबर

Mar 15, 2026 07:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भदोही
share

Bhadoni News - भदोही नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण 7 करोड़ से बनी सड़क पर सीवर चेंबर के ढक्कन फिर से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। डीएम की फटकार के बावजूद मानक की अनदेखी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

15 दिन में मार्ग पर फिर टूटा नाले का चेंबर

भदोही, संवाददाता। नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही, मनमानी और भ्रष्टाचार की सीमाएं चरम पर हैं। डीएम शैलेष कुमार की फटकार के बाद सात करोड़ से बनी सड़क पर लगाए सीवर चेंबर के ढक्कन करीब 15 दिन पहले बदले गए थे। एक बार फिर वह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ऐसे में किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। बता दें कि मर्यादपट्टी से लेकर उमरी गांव तक लोक निर्माण विभाग ने चार दशक पहले छह किलोमीटर मार्ग निर्माण कराया था। गत वर्ष में उसे प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पुरानी सड़क को पूरी तरह से तोड़कर नया बनाया गया। छह किलोमीटर की सड़क पर सात करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

सड़क का आधे से ज्यादा हिस्सा नगर पालिका परिषद भदोही के अंतर्गत आता है। ऐसे में पालिका प्रशासन द्वारा जल निकासी को सीवर का निर्माण पुरानी सड़क से सटकर कराया गया था। नई सड़क बनने पर नाला मार्ग के नीचे आ गया है।शहर के एकमा तिराहे से लेकर पिपरी पुलिया तक एक किलोमीटर से भी कम लंबाई में छह चेंबर बनाए गए हैं। सड़क निर्माण के दौरान दो माह पूर्व सीवर के चेंबरों पर ढक्कन नया लगाया गया था। कुछ ही दिनों में वह क्षतिग्रस्त हो गए थे।गत माह फरवरी में बोले हिन्दुस्तान में समाचार प्रकाशित होने पर डीएम ने फटकार लगाई थी। उसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने चेंबर को बदलकर नया लगाया था। लेकिन मानक की अनदेखी एवं भ्रष्टाचार के कारण 10 दिनों में ही नए चेंबर फिर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोगों का कहना है कि ऐसा लगता है कि डीएम के आदेश का डर पालिका के अफसर एवं ठेकेदारों में नहीं है। सरकारी धन को जमकर लूटा जा रहा है। एक बार फिर राहगीरों, क्षेत्रीय लोगों ने डीएम से मामले का संज्ञान लेकर प्रकरण की जांच कराते हुए संबंधित अफसरों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कहा कि ऐसा नहीं किया गया तो किसी दिन कईयों की जान जाने से इनकार नहीं किया जा सकता। उक्त मार्ग से विद्यार्थी, कालीन बुनकन, कामगार प्रतिदिन आवागमन करते हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।