
भाभी से नाराज देवर ने भतीजी का गला रेतकर मार डाला, भतीजे को दूसरी मंजिल से फेंका
यूपी के बिजनौर में भाभी से रार के बाद देवर ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। दो साल की भतीजी की गर्दन काटकर हत्या कर दी और मासूम भतीजे को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया है। रिश्ते का इस तरह से खून होने से हर कोई हैरान है।
यूपी के बिजनौर में एक युवक ने दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया है। दो साल की भतीजी की गर्दन काटकर जान ले ली और पांच साल के भतीजे को छत से फेंक दिया। नजीबाबाद के मंडावली थाना क्षेत्र में ग्राम राजपुर नवादा में हुई वारदात से सनसनी फैल गई। घायल भतीजे का उपचार चल रहा है। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। घटना के पीछे आरोपी देवर का भाभी के साथ विवाद को कारण बताया जा रहा है।
गांव राजपुर नवादा में पीडब्ल्यूडी कर्मचारी जय सिंह परिवार के साथ रहते हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा अरुण और छोटा बेटा हिमांशु (22) है। गुरुवार देर शाम हिमांशु का किसी बात पर अपनी भाभी मंजू से विवाद हो गया। इस पर उसने मंजू की दो वर्षीय बेटी मानवी की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। इसके बाद मंजू के पांच वर्षीय बेटे मयंक को छत से फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हिमांशु मौके से फरार हो गया। परिजन दोनों बच्चों को मंडावली स्थित एक हॉस्पिटल ले गए, जहां मानवी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, घायल मयंक का उपचार चल रहा है। बताया जाता है कि हिमांशु का किसी बात को लेकर से विवाद हुआ था। इसी के बाद गुस्से में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। मंडावली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह के अनुसार परिजन अभी अस्पताल में हैं। परिजनों से जानकारी की जा रही है। तहरीर मिलने पर संवैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
भाभी मंजू के अनुसार हम लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान देवर हिमांशु आया और मेरे बेटे से भतीजी के बारे में पूछा कि वह कहां है। बेटे ने बताया कि वह ट्यूशन गई है। तभी उसने मेरे बेटे को पकड़कर घर की दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। इसके बाद मेरे साथ भी मारपीट करने लगा। इसी समय उसे मेरी बेटी सीढ़ी पर मिल गई। उसने मेरी बच्ची की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया।
परिजनों का कहना है कि हिमांशु नशे का आदि है। नशे से दूर रखने के लिए उसे पैसे नहीं दिए जाते थे। इससे वह चिड़चिड़ाता रहता था। उसे इस बात की भी गलतफहमी थी कि उसकी पूरी पैतृक संपत्ति भाई अरुण को मिल जाएगी।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



