प्यार में ऐसा धोखा? घर से बगावत कर शादी करने निकली लड़की, 'दूल्हा' हो गया फरार
युवती के अनुसार, उसका लंबे समय से युवक के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच शादी को लेकर सहमति बनी थी। युवक ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह उसे अपनाएगा और परिवार की रजामंदी न मिलने पर भी शादी करेगा। इसी विश्वास में उसने अपने घर से बगावत कर दी और युवक के साथ जाने का फैसला किया।
गोरखपुर में प्रेम प्रसंग में घर से बगावत कर शादी के इरादे से निकली एक युवती की कहानी अब पुलिस चौकी से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल तक पहुंच गई है। गई थी शादी करने और 'दूल्हा' फरार हो गया। जिसके भरोसे घर-बार छोड़ा, वही दगा दे गया। युवती ने उस पर धोखा देने का आरोप लगाया है। पुलिस केस दर्ज करने को तो तैयार है लेकिन कानूनी सीमाओं का हवाला देते हुए शादी कराने का आश्वासन नहीं दिया है। युवती मुकदमा-पेशी, सजा आदि नहीं चाहती है, सिर्फ शादी कराने की गुहार लगा रही है। युवती-युवक दोनों चौरीचौरा इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
युवती के अनुसार, उसका लंबे समय से युवक के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच शादी को लेकर सहमति बनी थी। युवक ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह उसे अपनाएगा और परिवार की रजामंदी न मिलने पर भी शादी करेगा। इसी विश्वास में उसने अपने घर से बगावत कर युवक के साथ जाने का फैसला किया। युवती का कहना है कि जब वह शादी की तैयारी में थी, तभी युवक अचानक संपर्क से बाहर हो गया। उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उसके परिजन भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं।
खुद को ठगा महसूस कर रही युवती सीधे पुलिस के पास पहुंची। प्रार्थना पत्र देकर कहा कि युवक से शादी कराने की मांग की। हालांकि, पुलिस ने युवती को स्पष्ट रूप से बता दिया है कि शादी कराना उसके अधिकार से बाहर है। हां, यदि युवक ने धोखा दिया है, उत्पीड़न किया है या कोई आपराधिक कृत्य किया है तो उस स्थिति में मामला दर्ज कर जांच की जा सकती है। पुलिस के इस जवाब से युवती संतुष्ट नहीं हुई।
उसका कहना है कि वह किसी को सजा नहीं दिलाना चाहती, केवल शादी चाहती है। पुलिस से निराश होकर युवती ने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। वहां भी उसने अपनी आपबीती लिखते हुए न्याय की गुहार लगाई। युवक पर शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री पोर्टल से शिकायत स्थानीय पुलिस तक पहुंची और फिर वही जवाब मिला शादी नहीं करा सकती। स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।





