एक ही दिन में 2 बार बना दूल्हा, पहले प्रेमिका से कोर्ट मैरिज; रात में घरवालों की पसंद से की शादी
- 2 दिन बाद प्रेमिका को जब यह पता चला कि युवक ने दूसरी शादी कर ली है तो वह उसके घर पहुंच गई। उसकी बातें सुनने के बाद युवक के घरवालों ने उसके चरित्र पर लांछन लगाते हुए घर से भगा दिया। उसकी शिकायत पर एसपी नार्थ ने इलाका पुलिस से जांच कर 2 दिन में रिपोर्ट मांगी है।

गोरखपुर में रहने वाले एक युवक ने एक ही दिन में दो शादियां कर लीं। प्रेमिका के साथ दिन में कोर्ट मैरेज और रात में घरवालों के कहने पर दूसरी युवती से ब्याह रचा लिया। दूसरी शादी करने के बाद प्रेमिका से किनारा कर लिया। दो दिन बाद प्रेमिका को जब यह पता चला कि युवक ने दूसरी शादी कर ली है तो वह उसके घर पहुंच गई। उसकी बातें सुनने के बाद घरवालों ने उसके चरित्र पर लांछन लगाते हुए घर से भगा दिया। उसकी शिकायत पर एसपी नार्थ ने इलाका पुलिस से जांच कर दो दिन में रिपोर्ट मांगी है।
हरपुर बुदहट इलाके की युवती का गांव के पास के ही बिरादरी के एक युवक से प्रेम संबंध था। करीब चार वर्ष बाद दोनों ने मंदिर में शादी की और फिर लिवइन में रहने लगे, लेकिन घरवालों को इसकी जानकारी नहीं दी। इस बीच युवक के घरवालों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। युवक को इसकी जानकारी हुई तो उसने अपनी प्रेमिका से यह बात साझा की और कहा कि घरवालों का दबाव है। उधर, घरवालों ने शादी की तारीख भी तय कर दी। इसकी जानकारी प्रेमिका को हो गई तो युवक ने उसे एक बार फिर झांसे में लिया।
उसने कहा, शादी से पहले ही कोर्ट मैरेज कर लेते हैं और इसकी जानकारी घरवालों को देने पर वे हम लोगों के रिश्ते को मानने पर मजबूर हो जाएंगे। कोर्ट मैरेज की तारीख भी वही तय हुई, जिस दिन घरवालों ने उसकी शादी निश्चित की थी। सुबह कोर्ट खुलते ही युवक ने प्रेमिका से कोर्ट मैरेज की और दोनों घर चले आए। इसके बाद वह घरवालों को समझाने की बात कहते हुए युवक प्रेमिका के घर से निकला और शाम को दूसरी शादी करने पहुंच गया। 15 दिन तक प्रेमिका से उसकी बातचीत नहीं हुई। इस पर वह पता करते हुए युवक के घर पहुंच गई और मामला खुलकर सामने आ गया।
दो बार गर्भपात कराया, जन्मा बच्चा नर्स को दिया
युवती का आरोप है कि दोनों लिव इन में थे। इसी बीच दो बार गर्भपात कराया। तारामंडल स्थित एक नर्सिंगहोम में उसने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन उसे युवक ने नर्स को दे दिया। पूछने पर बताया कि हम लोग अकेले रहते हैं, बच्चे के थोड़ा बड़ा होने पर लेकर आएंगे। वह बच्चा कहां है, यह युवती को नहीं पता है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

