Basti News: गला कटने से युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
Basti News: बस्ती के पूरे सुखराम गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गला कटने से मौत हो गई। 25 वर्षीय राहुल राजभर सड़क पर गंभीर हालत में मिला, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस को मौके पर नया शेविंग ब्लेड और युवक की चप्पल मिली। मामले की जांच जारी है, मृतक शराब पीने का आदी बताया गया है।
Basti News: बस्ती। छावनी थानाक्षेत्र के नटौवा ग्राम पंचायत के पूरे सुखराम गांव में गुरुवार को गला कटने से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क पर तड़पता मिला। गांव के बच्चों ने उसे देखकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को नया शेविंग ब्लेड और युवक की चप्पल मिली है। पूरे सुखराम निवासी राहुल राजभर (25) पुत्र आशाराम दोपहर करीब 11:30 बजे गांव में आने वाली पक्की सड़क के किनारे सीमेंट के पोल के पास गंभीर हालत में मिला। गला कटने से अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई।
सूचना पर अमोढ़ा चौकी प्रभारी राधारमण यादव, आरक्षी धनवंत यादव समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूछताछ की।
छावनी थानाध्यक्ष राणा डीपी सिंह ने बताया कि परिजनों से युवक द्वारा स्वयं गला काटे जाने की सूचना मिली है। मृतक के शराब पीने का आदी होने की बात भी सामने आई है। घटनास्थल से ब्लेड और चप्पल मिली है। मामले की जांच की जा रही है।


