दुष्कर्म और ब्लैकमेल से आहत हो महिला ने की थी खुदकुशी
Basti News - परसरामपुर क्षेत्र की 34 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किए जाने के कारण आत्महत्या कर ली। महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना के 10 दिन बाद मामला दर्ज हुआ।

बस्ती। परसरामपुर थानाक्षेत्र निवासिनी एक महिला ने दुष्कर्म व अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किए जाने से आहत होने के बाद ट्रेन से कटकर जान दी थी। महिला के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। परसरामपुर थाना क्षेत्र निवासिनी 34 वर्षीया एक महिला ने बीते 30 नबंवर को गोंडा जनपद के छपिया रेलवे क्रासिंग के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। शव को छपिया पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी थी। घटना के 10 दिन बाद महिला के पति ने परसरामपुर थाना क्षेत्र के ही मड़ेरिया निवासी मोनू के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को मोनू ने अपने जाल में फंसा लिया। उससे बातचीत कर उसे गुमराह करने लगा। एक दिन उसकी पत्नी को गुमराह कर वह अपने साथ मंदिर दर्शन कराने ले गया। पत्नी को नशीला पदार्थ पिला कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने अश्लील वीडियो भी बना लिया। मृतका के पति का आरोप है कि आरोपित ने अश्लील वीडियो उसकी पत्नी के मोबाइल पर भेजकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। बात न मानने पर बर्बाद व बदनाम करने की धमकी देने लगा। लोकलाज के डर से उसकी पत्नी ने यह कदम उठा लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मड़ेरिया निवासी आरोपी मोनू उर्फ मनीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


