मृतक, शिफ्टेड और डबल मतदाताओं की शुरू हुई स्क्रीनिंग
Basti News - बस्ती में निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। 19 लाख 430 मतदाताओं का डाटा डिजिटाइज किया गया है। 30 प्रतिशत से अधिक एएसडीडी वाले 142 बूथों पर सत्यापन कार्य चल रहा है। प्रशासन पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटने से रोकने के लिए सक्रिय है।

बस्ती। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इस काम में जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों के 19 लाख 430 मतदाताओं का शत प्रतिशत डाटा डिजिटाइज्ड कर दिया गया है। अब निर्वाचन कार्यालय की नजर ऐसे बूथों पर है, जहां पर 30 प्रतिशत अधिक मतदाता एएसडीडी (एबसेंट, शिफ्टेड, डेथ व डब्ल) श्रेणी के हैं। इन बूथों पर विशेष स्क्रीनिंग शुरू हो गई है। इनमें सर्वाधिक बूथ सदर विधानसभा क्षेत्र के हैं। डीएम कृत्तिका ज्योत्सना ने बताया कि 30 प्रतिशत से अधिक एएसडीडी वाले 142 बूथों पर जिलास्तरीय अधिकारियों को तैनात किया है।
वह अपनी टीम के साथ संबंधित बीएलओ के साथ मिलकर प्रत्येक एएसडीडी मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। ऐसे मतदाताओं के घर-घर जाकर अधिकारियों की टीम उनके बारे में जानकारी जुटा रही है। क्षेत्रीय प्रधान, सभासद, बीडीसी, सचिव व अन्य से मिलकर जानकारी जुटाई जा रही है। किसी प्रकार की जानकारी मिलने पर ऐसे मतदाताओं का री-वेरिफिकेशन कर एप के माध्यम से एडिट किया जा रहा है। इस काम में तीन और दिन अवशेष है। इन तीन दिनों में प्रशासन मतदाताओं के सत्यापन का काम करने पर जोर दे रहा है। जिले में 81.94 प्रतिशत मतदाता का ब्योरा एसआईआर के अनुसार फीड कर दिया गया है। लगभग 84 प्रतिशत मतदाता 2003 की मतदाता सूची से मैप्ड हो गए हैं। मैप्ड में मतदाताओं में कुछ के नाम स्वयं 2003 की मतदाता सूची में हैं। कुछ के माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी के नाम से मैप्ड कराया गया। कुछ मतदाता नए हैं, जिन्हें नोटिस दिया जाना है। जिले में 58648 मृत, 75159 अनुपस्थित, 161087 शिफ्टेड, 34047 किसी अन्य जगह पर इनरोल्ड व 13288 मतदाता अन्य कारणों से मतदाता सूची से हट रहे हैं। इस प्रकार कुल तीन लाख 43 हजार 229 मतदाताओं का नाम हट रहा है। अब प्रशासन का पूरा जोर इन मतदाताओं के सत्यापन है, जिससे किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची नहीं हटे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




