दुबौलिया पुलिस पर मनमानी का आरोप, धरने पर बैठे ग्रामीण

Oct 19, 2024 02:07 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बस्ती
share

Basti News - दुबौलिया के रानीपुर दुर्वासा गांव के लोग पुलिस के खिलाफ भूख-हड़ताल पर बैठ गए। रामकेस चौधरी पर हमले के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे ग्रामीण नाराज हो गए। बाद में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ...

दुबौलिया पुलिस पर मनमानी का आरोप, धरने पर बैठे ग्रामीण

दुबौलिया (बस्ती), हिन्दुस्तान संवाद। दुबौलिया थानाक्षेत्र के रानीपुर दुर्वासा गांव सहित अन्य गांवों के लोग शुक्रवार को दुबौलिया पुलिस के खिलाफ थाना परिसर में ही भूख-हड़ताल पर बैठ गए। पुलिस स्तर से केस दर्ज करने के बाद करीब चार घंटे बाद ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त किया। गत 15 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे रानीपुर दुर्वासा गांव निवासी रामकेस चौधरी अपनी सब्जी की दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहे थे।‌ अभी वह खुशहालगंज पंचायत के पास पहुंचे ही थे कि तभी तीन लोगों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। दूसरे दिन पीड़ित रामकेश चौधरी ने एक नामजद व दो अज्ञात के विरुद्ध थाने पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। 17 अक्तूबर को पीड़ित का लड़का दुबौलिया थाने पर प्रभारी निरीक्षक संध्या रानी तिवारी से बात करते समय विडियो रिकार्डिंग करने लगा। आरोप है कि यह देख कुछ पुलिस कर्मियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और थाने के पीछे ले जाकर पिटाई कर दी। इसी बात से नाराज़ होकर रानीपुर दुर्वासा गांव निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश पांडेय, सुनील सिंह, लल्लू सिंह, सत्यदेव सिंह, अवधेश सिंह, हरिओम पांडेय सहित चार दर्जन से अधिक ग्रामीण थाना परिसर में ही शुक्रवार की सुबह दस बजे से भूख हड़ताल पर बैठ गए।

थाना परिसर में भूख हड़ताल पर बैठते ही पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर घायल को मेडिकल जांच के लिए भेजा। साथ ही युवक की पिटाई करने के आरोपी की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे धरना समाप्त हुआ। प्रभारी निरीक्षक संध्या रानी तिवारी ने कहा कि पीड़ित ने तहरीर दी थी। जांच-पड़ताल के बाद केस दर्ज करने के लिए बुलाया गया था। लेकिन खुद न आकर अपने बेटों को भेज दिया, जिसने थाने पर आकर पुलिस कर्मियों से दुर्व्यवहार किया। तहरीर के आधार पर पीड़ित पक्ष का केस दर्ज कर लिया गया है।‌ प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर भेज दिया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।