दरोगा बनने के लिए सुबह से ही परीक्षा केन्द्रों पर लगी कतार, 17 केन्द्रों पर 43 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
Basti News - यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की उप निरीक्षक नागरिक पुलिस की परीक्षा बस्ती जिले में शनिवार को शुरू हुई। कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 17,200 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जा रही है।
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती की दो दिवसीय परीक्षा जिले में शनिवार को शुरू हुई। पहली पाली सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक चली। परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश के लिए सुबह से ही केन्द्रों के बाहर लम्बी कतार लग गई। सुबह आठ बजे से केन्द्रों पर प्रवेश दिया गया। परीक्षा केन्द्र का गेट सुबह साढ़े नौ बजे बंद कर दिया गया। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध नजर आए। आला अफसर केन्द्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे। दूसरी पाली में परीक्षा अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक हुई।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 17 केंद्र बनाए गए हैं। दो दिनों तक यानी 14 और 15 मार्च को चार पॉलियों में परीक्षा होनी है। जनपद में कुल 17 हजार दो सौ अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सभी चार पालियों में अलग-अलग अभ्यर्थियों की परीक्षा होनी है। शनिवार को पहली पॉली के लिए कुल 43 सौ अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जिनकी परीक्षा चल रही है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि भर्ती की लिखित परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराने के लिए जनपद बस्ती मुख्यालय में कन्ट्रोल रूम स्थापित है। कन्ट्रोल रूम से सीसीटीवी के माध्यम से परीक्षा की मानिटनिंग की जा रही है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पारदर्शी ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।जिले के इन केन्द्रों पर हुई परीक्षापुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जिले के 17 विद्यालयों को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। इनमें एपीएन पीजी कॉलेज, जीआरएस इंटर कॉलेज, बेगम खैर गर्ल्स कॉलेज, खैर इंटर कॉलेज, महिला पीजी कॉलेज, एसडीआर एनडी इंटर कॉलेज, शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज, पाण्डेय गर्ल्स इंटर कॉलेज, पांडेय इंटर कॉलेज, श्री हंसराज लाल इंटर कॉलेज गनेशपुर, किसान इंटर कॉलेज मरहा कटया गोटवा बाजार, कृषक इंटर कॉलेज बेलाड़ी रानीपुर, श्रीशिव मोहर नाथ पाण्डेय किसान जनता इंटर कॉलेज नगर बाजार, इन्दिरा गांधी इंटर कॉलेज, कप्तानगंज बस्ती, गन्ना विकास इंटर कॉलेज मुण्डेरवा बाजार बस्ती शामिल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


