Hindi NewsUttar-pradesh NewsBasti NewsUrea Fertilizer Crisis Long Queues Continue Amidst Distribution Challenges in Basti
खतौनी देखकर समितियां दे रही खाद, लग रही कतार

खतौनी देखकर समितियां दे रही खाद, लग रही कतार

संक्षेप:

Basti News - बस्ती में यूरिया खाद पाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। साधन सहकारी समितियों पर किसान खाद के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कई किसानों को वापस लौटना पड़ा क्योंकि खाद केवल समिति क्षेत्र के किसानों को दी जा...

Aug 19, 2025 04:15 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बस्ती
share Share
Follow Us on

बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। यूरिया खाद पाने के लिए लगने वाली कतार टूटने का नाम नहीं ले रही है। साधन सहकारी समितियों पर खाद पाने वालों की लंबी-लंबी लाइनें लग रही है। हालांकि खाद को बंटवाने के लिए मौके पर पुलिस, राजस्व, सहकारिता और कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी लगातार नजर बनाए हुए हैं। सहकारी समितियों पर खतौनी देखकर खाद दी जा रही है। समिति क्षेत्र के किसानों को ही खाद देने के लिए विभागीय निर्देश का पालन किया जा रहा है, इस कारण दूसरी न्याय पंचायत के कुछ किसानों को वापस लौटना पड़ा। हालांकि सोमवार को निजी क्षेत्र की दुकानों पर भी 885 एमटी यूरिया खाद पहुंच गई है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

--- रामनगर ब्लॉक की छह समितियों पर बंट चुकी है 25 हजार बोरी खाद भानपुर। रामनगर ब्लॉक के सभी छह समितियों पर अब तक करीब 25 हजार बोरी यूरिया खाद बंटने के बाद भी संकट बरकरार है। सोमवार को खाद लेने के लिए साधन सहकारी समिति मोहम्मदनगर में काफी संख्या में महिलाएं भी कतार में लगी रही। समिति पर महिलाओं की भीड़ देखकर एडीओ कोऑपरेटिव रामनगर नीरज कन्नौजिया ने सभी सचिवों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। उन्होंने महिलाओं के नाम से खतौनी व आधार कार्ड होने के ही दशा में खाद देने का निर्देश दिया। एडीओ ने बताया कि समितियों पर अभी भी किसानों की भीड़ देखकर मोहम्मदनगर में एक हजार व सगरा में 500 बोरी यूरिया खाद भेजा जा रहा है। --- हरिगांव में पुलिस के पहुंचने पर बंटी खाद परसरामपुर। साधन सहकारी समिति हरिगांव पर सोमवार को काफी संख्या में किसान जुट गए। सोमवार सुबह घबराये सचिव ने समिति पर ताला लगा दिया। वह पुलिस से मदद लेने के लिए थाने पर पहुंचे। यहां जुटे किसानों का कहना है कि पिछले कई दिनों से कतार में दिनभर खड़े होने के बावजूद खाद नहीं मिल रहा है। आज भी खाद नहीं मिला तो सारे किसान प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। समिति पर बद्दरपुर, हरिगांव, किशुनपुर, बनगवां खास, मोइयापुर बेलभरिया समेत कई गांवों के सैकड़ों किसान एकत्रित हो गए। बनगवां खास के प्रधान चिंताराम वर्मा ने किसानों को खाद नहीं मिलने पर आत्महत्या तक की चेतावनी दे डाली। एडीओ सहकारिता विजय वर्मा ने कहा कि खाद की कोई कमी नहीं है। पहले लेने के चक्कर में लोग बवाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की मदद से खाद वितरण कराया जाएगा। बाद में पीओएस मशीन खराब होने के चलते खाद का वितरण ठप हो गया। --- रुधौली समिति पर रही महिलाओं की लंबी कतार रुधौली। तहसील क्षेत्र के किसान सहकारी समितियों का चक्कर लगा रहे है। उनका आरोप है कि निजी क्षेत्र की दुकान पर अधिक मूल्य लिया जा रहा है। सोमवार को साधन सहकारी समिति रुधौली पर आई यूरिया खाद को लेकर किसानों की भरी भीड़ जुटी। किसानों की लंबी कतार में महिलाओं की भीड़ रही। खाद लेने के लिए किसान धक्का-मुक्की करते रहे। साधन सहकारी समिति भितेहरा पर 500 बोरी खाद आया। साधन सहकारी समिति बसडीला के सचिव दिनेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि समिति पर यूरिया उपलब्ध है। सरकारी रेट पर बांटा जा रहा है। --- खाद की उपलब्धता की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन बस्ती। आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने यूरिया खाद संकट को लेकर डीएम को सम्बोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। आप ने मांग किया कि किसानों को तत्काल प्रभाव से यूरिया खाद उपलब्ध कराया जाए। खाद की कालाबाजारी पर रोक लगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि खाद को लेकर सरकारी दावे फेल हैं। डीएम को दिये चार सूत्री ज्ञापन में यूरिया खाद की उपलब्धता बनाए रखने, कालाबाजारी रोकने, यूरिया खाद का मानक के विरूद्ध भण्डारण करने वाले लोगों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन देने वालों में पतिराम आजाद, चन्द्रभान कन्नौजिया, डॉ. रामसजन सूर्यवंशी, उमेश शर्मा, वीरेन्द्र यादव, सर्वेश कुमार, रीतू वर्मा, कुसुम लता आदि उपस्थित रहीं। --- अमोढ़ा व रूपगढ़ में पीओएस का सर्वर डाउन होने से किसान परेशान छावनी। अमोढ़ा और रूपगढ़ सहकारी समितियों पर सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे यूरिया वितरण के दौरान मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। इस कारण कई किसानों को निराश होकर लौटना पड़ा। दोनों समितियों पर 14 अगस्त को यूरिया की नई खेप पहुंची थी। तीन दिन अवकाश होने के कारण आज बांटा जा रहा था और किसानों की काफी भीड़ जुट गई। अमोढ़ा समिति में सचिव अवधेश सिंह ने सुबह नौ बजे से यूरिया लेने आये किसानों का आधार वेरिफिकेशन शुरू किया। दोपहर 12 बजे तक मशीन में आई तकनीकी खराबी से पहले लगभग 100 किसानों को 250 बोरी यूरिया का वितरण किया गया। रूपगढ़ समिति में सचिव भूपेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार दोपहर 12:15 बजे तक 80 किसानों को करीब 200 बोरी यूरिया दिया गया। किसान रामप्रसाद, दिनेश कुमार, विजय, रामस्वरूप और मानिकचंद्र ने बताया कि धान की फसल के लिए यूरिया की तत्काल जरूरत है। साधन सहकारी समिति चिलमा परसन में भी पीओएस की गड़बड़ी के चलते खाद का वितरण रोकना पड़ा था।